जम्मू कश्मीर: 24 घंटे में दूसरा बड़ा हादसा, राजोरी में खाई में गिरी बस, चार लोगों की की मौत, 25 घायल
जम्मू कश्मीर में चौबीस घंटे के भीतर बड़ा हादसा सामने आया है। राजोरी जिलों में एक वाहन के खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। इस घटना में 25 लोग जख्मी हो गए। सभी को उपचार के लिए पहुंचाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाके में 24 घंटे के भीतर दूसरा भीषण सड़क हादसा हो गया। वीरवार को राजोरी जिले में तेज रफ्तार बस करीब 250 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 घायल हुए हैं, 15 की हालत गंभीर है। वीडियो कोच (जेके02सीडी-9158) बस पुंछ जिले के सुरनकोट से जम्मू आ रही थी।
वीरवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे राजोरी से करीब 30 किलोमीटर दूर मंजाकोट थाने के अंतर्गत आते देरी रल्योट गांव के पास चालक ने जैसे ही मोबाइल सुनने के लिए कान पर लगाया, तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर खाई में लुड़क गई। हादसा होते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों, सेना और पुलिस के जवानों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को खाई से निकालकर मंजाकोट के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार देकर गंभीर रूप से घायल 15 लोगों को जीएमसी राजोरी रेफर कर दिया गया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महमूद अहमद ने बताया कि जीएमसी राजोरी में लाए गए सभी 15 घायलों का उपचार जारी है, इनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
तेज रफ्तार के साथ बस में ऊंची आवाज में बजा रखा था म्यूजिक
पुंछ के बिजी इलाके के मोहम्मद बशीर (घायल) ने बताया कि वह जैसे ही बस में बैठे तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। ऐसा लग रहा था कि आज सही सलामत घर नहीं पहुंचेंगे। बस में ऊंची आवाज में म्यूजिक भी बजा रखा था। कांपती आवाज में बशीर ने बताया, अचानक चालक को किसी का फोन आया और उसने जैसे ही मोबाइल कान पर लगाया, बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
ये हुए घायल
घायलों में आफताज (30) सुरनकोट, मो. सज्जाद (23) पंजग्रेन, नजीर शाह (50) निवासी समोत सुरनकोट, तस्वीर बेगम (50) देरारी मेंढर, मकसूद अहमद (24), नजीर अहमद (65) मोरहा, अफराज अहमद (17) फजालाबद, मोहम्मद शकूर (44) दोदासन बाला (राजोरी), शमशेर अहमद (65) भट्टियां, जाबिदा बेगम (55), मोहम्मद सगीर (17) फजला अब्द सुरनकोट, मोहम्मद शरिफ (50) डेरी रेल्योटे मंजाकोट, नाहीद अख्तर, जीशा (15) दारग्लून मेंढर, इश्तियाक अहमद निवासी ठंडा पानी मंजाकोट, शमीम अख्तर निवासी कोटियां, मोहम्मद अकरम मेंढर, मियां मोहम्मद निवासी फागला, मोहम्मद तारिक निवासी मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश), मोहम्मद राशिद खान निवासी फागला और शेरोन मीर निवासी मेंढर शामिल हैं।
बुधवार को पुंछ में हुआ था भीषण सड़क हादसा
इससे पहले बुधवार को पुंछ में भीषण सड़क हादसा हुआ था। पुंछ की मंडी तहसील के सीमावर्ती सावजियां के बुराड़ी नाला क्षेत्र में तेज रफ्तार ओवरलोड मिनी बस 250 फीट खाई में जा गिरी थी। हादसे में 12 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 28 घायल हुए हैं।