जम्मू। जम्मू संभाग में सभी विभागों के अस्थायी कर्मियों ने शुक्रवार को भाजपा कार्यालय त्रिकुटा नगर का घेराव कर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने अर्द्धनग्न होकर जल्द मांगें पूरी करने को आवाज बुलंद की। भाजपा नेता युद्धवीर सेठी समेत अन्य नेताओं ने मांगों के संबंध में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात करने और मसले का समाधान करवाने का आश्वासन दिया। सेठी ने कहा कि लंबे समय से मांग को हल करवाने के लिए प्रयास जारी हैं। पहले भी उपराज्यपाल से मसले को उठाया गया है। मांगें हल न होने पर भाजपा नेता भी हड़ताल पर बैठ जाएंगे।
शुक्रवार को अस्थायी कर्मचारियों की हड़ताल 29वें दिन भी जारी रही। इसमें लोक निर्माण विभाग, बिजली विभाग, जलशक्ति, बागवानी, कृषि विभाग आरएंडबी, एस्टेट, पीएमएसजीवाई के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। ऑल डिपार्टमेंट कैजुअल लेवर फ्रंट के अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि अधिकारियों की ओर से कोई फैसला नहीं लिया गया है। मजबूरन कर्मचारियों को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। उधर, हड़ताल के कारण पानी के संकट से लोग परेशान हैं। शहर के गंग्याल, नरवाल, सुजवां, सिदड़ा, बटिंडी, सैनिक कॉलोनी, तालाब तिल्लो, जानीपुर, रूपनगर, तोप शेरखानियां, मुट्ठी, भवानी नगर, श्याम नगर, विहार नगर में पानी की किल्लत जारी रही।