जम्मू। कोरोना महामारी के बीच लोग कई समस्याओं से दो-चार हो रहे हैं। अब बढ़ती महंगाई ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बीते दो दिन से टमाटर के दाम आसमान छू रहे हैं। वीरवार से पहले टमाटर 25 से 30 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा था। अब इसके दाम 60 से 80 रुपये किलो पहुंच गए हैं। जम्मू की रहने वाली तृप्ता देवी, कांता देवी, सोनिया, अनुराधा आदि गृहणियों का कहना है कि टमाटर के बिना उनकी रसोई का जायका बिगड़ गया है। बढ़ती महंगाई ने घर का बजट बिगाड़ दिया है। दुकानदारों का कहना है कि बरसात के मौसम में पहाड़ी टमाटर होने के कारण पहले दाम कम थे, लेकिन जैसे-जैसे सर्दी नजदीक आ रही है तो पहाड़ी टमाटर की पैदावार भी कम हो रही है। इसके कारण टमाटर की सप्लाई कम हो रही है, जिससे दाम में बढ़ोतरी हुई है। दुकानदारों ने उम्मीद जताई है कि जैसे ही मुंबई और अन्य राज्यों से टमाटर आयात होने शुरू होगें तो दाम फिर से कम हो सकते हैं। वेयर हाउस के पास फल-सब्जियों की दुकान करने वाले सुभाष चंद, देसराज शर्मा आदि ने बताया कि टमाटर के साथ अन्य सब्जियों के दाम भी बढ़ गए हैं। शिमला मिर्च 60 से 70 रुपये, फूलगोभी 50 रुपये और तोरी 20 से 30 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रही है। लोग सब्जियों के दाम सुनकर ही वापस लौट जा रहे हैं। इसके साथ ही फलों के दाम भी बढ़ गए हैं। गौर हो कि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक प्रति वर्ष देशभर में 19.73 मिलियन टन टमाटर की पैदावार होती है, जिसमें से 11.51 मिलियन टन की खपत होती है।