फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Jammu News ›   political news

जम्मू-कश्मीर में पथराव-गोलीबारी गुजरे जमाने की बात, अंतिम सांसें गिन रहा आतंकवाद : शाह

विज्ञापन
political news
जम्मू के पलौड़ा में भाजपा की महारैली में कांग्रेस, नेकां और पीडीपी पर साधा निशाना
विज्ञापन

कहा -इन सियासी दलों के कार्यकाल में फर्जी मुठभेड़ व युवाओं पर गोलियां बरसाई गईं
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में पथराव और गोलीबारी गुजरे जमाने की बात बन गए हैं। प्रदेश में आतंकवाद अब अंतिम सांसें गिन रहा है। यह बात मंगलवार को गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू के पलौड़ा में भाजपा की जन आशीर्वाद महारैली को संबोधित करते हुए कही। शाह ने आरोप लगाया कि परिवारवादी सियासी दल कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) और पीडीपी का कार्यकाल घाटी में फर्जी मुठभेड़ों और युवाओं पर गोलीबारी की घटनाओं के लिए जिम्मेदार रहा है। सुरक्षा के बहाने जम्मू-कश्मीर के युवाओं का शोषण किया गया और उनके हाथों में बंदूकें थमा दीं।
शाह ने कहा, जम्मू-कश्मीर में अब सुखद बदलाव की बयार बह रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 साल के कार्यकाल में जम्मू-कश्मीर को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है। एक जमाना था, जब यहां ऐसे जलसे की कल्पना ही नहीं कर सकते थे। पथराव, गोलीबारी और बम धमाके होते थे। पाकिस्तान से हड़ताल का एलान किया जाता था और अनुच्छेद 370 का साया पूरे जम्मू-कश्मीर पर छाया था। लेकिन अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद आज जम्मू-कश्मीर की तस्वीर अलग है। बलिदानी श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने यहां से एक देश में दो विधान, दो प्रधान व दो निशान नहीं चलने का नारा दिया था। आज जम्मू-कश्मीर में शान से हर जगह तिरंगा लहरा रहा है। नेकां अध्यक्ष डाॅ. फारूक अब्दुल्ला कहते थे कि नरेंद्र मोदी 10 बार प्रधानमंत्री बन जाएं, लेकिन अनुच्छेद 370 नहीं हटा सकते, लेकिन दूसरी बार के कार्यकाल में ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर से 370 को खत्म कर दिया। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती भी कहती थीं कि अगर 370 हटा तो तिरंगे को कोई कंधा देने वाला नहीं होगा। मगर आप और मैं तो चले जाएंगे, लेकिन तिरंगा तो अजर है, अमर है... हमेशा रहेगा। नेकां-पीडीपी ने आरक्षण पर गुज्जर-बकरवालों को गुमराह किया, लेकिन मोदी सरकार ने आरक्षण में कोई बदलाव नहीं करके सबसे साथ न्याय किया। कश्मीर से कन्याकुमारी तक जल्द ट्रेन चलने वाली है, जिससे श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना पूरा होगा। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना, राज्यसभा सांसद गुलाम अली खटाना आदि वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
विज्ञापन

-------
कश्मीर से उम्मीदवार न खड़े करने के संकेत
कश्मीर से लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार न उतारने का संकेत देते हुए शाह ने कहा कि हमें कोई जल्दी नहीं, हम आक्रमणकारी नहीं हैं, जब हमें घाटी के लोगों का स्नेह मिलेगा तो कमल खिलेगा। मैं कश्मीर के लोगों से अपील करता हूं कि वे जिसे भी वोट दें, लेकिन तीन परिवारवादी पार्टियों नेकां, पीडीपी और कांग्रेस को वोट न दें। कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं कि भाजपा कश्मीर में लोगों की जमीनें छीनना चाहती है, लेकिन इसके विपरीत भाजपा लोगों का दिल जीतने में विश्वास रखती है। घाटी में आतंकवाद, पथराव और पाकिस्तान प्रायोजित हमलों को खत्म करके शांति बहाल की और विकास सुनिश्चित किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

-----------
मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
अमित शाह ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस, नेकां और पीडीपी ने जम्मू-कश्मीर को लोकतंत्र से दूर रखा। प्रधानमंत्री ने पंचायत चुनाव करवाकर इसे लोकतंत्र से जोड़ा। वाल्मिकी समुदाय, माताएं, बहनें, ओबीसी, पहाड़ी, गुज्जर-बकरवाल आदि को आरक्षण का लाभ दिया गया। सशस्त्र बलों की वन रैंक, वन पेंशन की लंबे समय की मांग को पूरा किया गया। जम्मू-कश्मीर में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, पर्यटन, परिवहन, उद्योग, शिक्षा, हवाई अड्डे सहित लगभग हर क्षेत्र में विकास किया गया है। प्रदेश में 30000 करोड़ रुपये के निवेश के साथ हजारों मेगावाट जलविद्युत के उत्पादन की सुविधा मिलने की उम्मीद है। यह सुनिश्चित किया है कि पूरा बजट जो पहले नेकां और पीडीपी द्वारा उपभोग किया जाता था, अब उप राज्यपाल के मार्गदर्शन में प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा रहा है, जिससे भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा। मोदी सरकार ने पारदर्शी रोजगार के अवसर प्रदान किए हैं और आतंकवाद में शामिल लोगों को सरकारी पदों से हटा दिया है। इन दलों ने महाराजा हरि सिंह का कभी सम्मान न करके डोगरा और डोगरी समुदाय का अपमान किया है, लेकिन हमने महाराजा की जयंती पर अवकाश घोषित किया। शाह ने अपने संबोधन में श्री माता वैष्णो देवी, तिरुपति बालाजी मंदिर, मां बावे वाली, रघुनाथ मंदिर आदि का आशीर्वाद प्राप्त किया।
-----------------
जम्मू की तरह विकसित और समृद्ध होंगे सीमावर्ती गांव
अमित शाह ने दावा किया कि अगर तीसरे कार्यकाल में जम्मू और उधमपुर से हमारे सांसद और मोदी सरकार आएगी तो यहां के सीमावर्ती गांवों को जम्मू की तरह विकसित और समृद्ध बनाने का हमारा कार्यक्रम है। इसमें बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। शाह ने रैली से पहले मन्हास महासभा मैदान में बिरादरी के देवस्थान पर जाकर आशीर्वाद लिया।

----------------------------
गुज्जर समुदाय से मिले शाह
गृहमंत्री अमित शाह ने पलौड़ा रैली को संबोधित करने के बाद मंच से नीचे आकर पंडाल में बैठे गुज्जर समुदाय (एसटी) के लोगों से मुलाकात की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार ने सभी वर्गों के लोगों के साथ समान न्याय किया है। गुज्जर समुदाय उनकी प्राथमिकता है, जिनका नेकां, पीडीपी और कांग्रेस ने शोषण किया है। इस दौरान गुज्जर नेता परवाज चौहान ने कहा कि मोदी सरकार ने समुदाय के कल्याण के लिए वो कर दिखाया है जिनका उन्हें लंबे समय से इंतजार था। अन्य गुज्जर नेता असगर अली और अरशद चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार ने वादों पर काम किया है। पूरा गुज्जर समुदाय देश के साथ खड़ा है। क्षेत्रीय दलों के साथ कांग्रेस ने समुदाय को गुमराह करने का काम किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed