सर्जिकल स्ट्राइक के बाद जम्मू-कश्मीर के पहले दौरे पर कश्मीरी पंडितों को तोहफा देंगे पीएम मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जम्मू कश्मीर के दौरे में कश्मीरी पंडितों के लिए नए पैकेज का एलान कर सकते हैं। युवकों के लिए रोजगार के नए अवसर के अलावा कश्मीरी पंडितों की घाटी में वापसी की योजना इस पैकेज का हिस्सा हो सकती है। प्रधानमंत्री 2 अप्रैल को उधमपुर में रैली के अलावा एशिया की सबसे बड़े चिनैनी -नाशरी टनल का लोकार्पण करेंगे।
सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पीएम मोदी का जम्मू कश्मीर में यह पहला दौरा है। इस क्रम में प्रधानमंत्री घुसपैठ और आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को कड़ा संदेश दे सकते हैं। पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर के लिए 80 हजार करोड़ का विकास पैकेज दिया है। दौरे के क्रम में पैकेज पर अमल के बारे में चर्चा संभव है।
रियासत सरकार के विभागों में 6 हजार कश्मीरी पंडित युवकों की भर्ती और कश्मीर घाटी में 6 हजार आवास भवन बनाना इस पैकेज में शुमार है। पैकेज में इसके लिए 2000 करोड़ का प्रावधान है। प्रोजेक्ट अभी पूरा नहीं हो पाया है। अलगाववादियों के विरोध के कारण कश्मीरी पंडितों के पैकेज पर ग्रहण लगा है।
पारंपरिक वोट बैंक बरकरार रखने की कोशिश में पीएम
सूत्रों के मुताबिक पीएमओ ने कश्मीरी पंडितों के लिए नए पैकेज की तैयारी की है। जम्मू कश्मीर विधान सभा और विधान परिषद द्वारा कश्मीरी पंडितों की घाटी में वापसी के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए जाने के बाद भी रियासत सरकार ने पंडितों के लिए अलग सेटेलाइट टाउनशिप के प्रोजेक्ट को ठंडे बस्ते में डाल दिया है।
कश्मीर हिंसा के दौरान सुरक्षा बलों की कार्रवाई के बाद मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने हिंसा में मारे गए लोगों के परिवार को 5 लाख का मुआवजा और परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी देने के फैसले पर अमल शुरू किया है। पत्थरबाजों के प्रति रियासत सरकार की नरमी से जम्मू संभाग के लोग नाराज हैं। भाजपा सरकार में शामिल है लेकिन सीएम के ऐसे फैसलों पर खामोश रही है।
पीएम मोदी भाजपा के पारंपरिक वोट बैंक को सुरक्षित रखने के लिहाज से कश्मीर पडिंतों के बाबत एलान करने वाले हैं। इस क्रम में क्षेत्रीय संतुलन के लिए जम्मू संभाग के विकास प्रोजेक्टों का भी एलान संभव है। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पीएम से हर मुलाकात में एजेंडा आफ अलायंस पर अमल पर जोर दिया है। इसके तहत अफस्पा को हटाने और चार बिजली प्रोजेक्टों की वापसी जैसे मुद्दे शामिल हैं। मुख्यमंत्री चाहती हैं कि प्रधानमंत्री के दौरे के क्रम में इस संबंध में भी एलान हो लेकिन सूत्रों का कहना है कि पीएम दौरे में इन मुद्दे के जिक्र की संभावना नहीं है।