{"_id":"6673722bdb3d6a570401d9b4","slug":"pm-modi-jk-visit-prime-minister-will-give-a-gift-of-rs-3300-crore-to-jammu-and-kashmir-2024-06-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"PM Modi JK Visit : प्रधानमंत्री जम्मू-कश्मीर को देंगे 3300 करोड़ का तोहफा, तीसरे कार्यकाल का यह पहला दौरा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
PM Modi JK Visit : प्रधानमंत्री जम्मू-कश्मीर को देंगे 3300 करोड़ का तोहफा, तीसरे कार्यकाल का यह पहला दौरा
Thu, 20 Jun 2024 05:35 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Thu, 20 Jun 2024 05:35 AM IST
सार
तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी योग दिवस पर अपने पहले दौरे पर जम्मू-कश्मीर को 3300 करोड़ रुपये की सौगात देंगे।
विज्ञापन
PM Modi
- फोटो : ANI
विस्तार
तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी योग दिवस पर अपने पहले दौरे पर जम्मू-कश्मीर को 3300 करोड़ रुपये की सौगात देंगे। इसके साथ ही शासकीय सेवाओं के लिए 2000 से अधिक लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री वीरवार को दो दिवसीय दौरे पर श्रीनगर पहुंचेंगे।
विज्ञापन
वीरवार शाम छह बजे प्रधानमंत्री शेर-ए-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) में युवाओं को सशक्त बनाना, जम्मू-कश्मीर को बदलना कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसी कार्यक्रम में वह सौगात देंगे। अगले दिन योग दिवस पर सुबह छह बजे वह योग प्रेमियों के साथ योग करेंगे।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री 1500 करोड़ रुपये की 84 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। इसमें 500 करोड़ की लागत वाली परियोजनाओं का उद्घाटन होगा। इनमें 150 करोड़ की 50 जलापूर्ति योजनाएं, 54 करोड़ की सड़क परियोजनाएं, 51 करोड़ की उच्च शिक्षा में बुनियादी ढांचा, 24 करोड़ की पैट स्कैन, जीनोम प्रयोगशाला शामिल हैं।
विज्ञापन
इसके अलावा 1000 करोड़ की लागत से विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें 431 करोड़ से चिनैनी-पटनीटॉप-नाशरी खंड का सुधार, 292 करोड़ से औद्योगिक इकाइयों का विकास, 76 करोड़ से छह सरकारी डिग्री कॉलेजों का निर्माण होगा।
प्रधानमंत्री 1800 करोड़ की कृषि व संबंधित क्षेत्रों में स्पर्धात्मक सुधार परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इसे 20 जिलों के 90 ब्लॉकों में क्रियान्वित किया जाएगा। तीन लाख परिवारों व 15 लाख लाभार्थियों तक योजना का विस्तार किया जाएगा। इसमें कृषि व्यवसाय पारिस्थितिकी तंत्र विकास का समर्थन, कमजोर समुदायों को सहायता, परियोजना प्रबंधन प्रणाली व जलवायु अनुकूल व बाजार आधारित उत्पादन शामिल है।
पीएम के आने से बढ़ा आकर्षण, अर्थव्यवस्था को पहुंचेगा लाभ, पर्यटक बढ़ेंगे: एलजी
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस है। प्रधानमंत्री का जम्मू कश्मीर से विशेष लगाव रहा है। इसी वजह से वह योग दिवस पर श्रीनगर आ रहे हैं। यह जम्मू कश्मीर के लिए और हम सब के लिए सौभाग्य की बात है कि इस बार प्रधानमंत्री इस दिन श्रीनगर में उपस्थित रहेंगे और डल झील किनारे 7000 से ज्यादा योग प्रेमियों के साथ योग करेंगे। प्रशासन और आयुष मंत्रालय ने सभी जिलों में भी मुख्यालय पर योग प्रेमियों को आमंत्रित किया है।
जम्मू कश्मीर में योग का प्रचलन पिछले 10 वर्षों में बढ़ा है। अनेक विश्व कीर्तिमान (वर्ल्ड रिकॉर्ड) योग दिवस ने बनाए हैं। 10 वर्षों में करीब साढ़े 23 करोड़ से ज्यादा लोग योग कर चुके हैं। जम्मू कश्मीर में भी गत वर्ष 23 लाख लोगों ने योग दिवस के दिन इसमें हिस्सा लिया था। उम्मीद है कि इस वर्ष यह संख्या प्रधानमंत्री के कारण और बढ़ने वाली है। इस वर्ष जो थीम है वह स्वयं और समाज के लिए योग है। जम्मू-कश्मीर से एक अच्छा संदेश प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाएगा। जिस तरह से योग की लोकप्रियता बढ़ रही है मैं निश्चित रूप से कह सकता हूं कि लोगों को स्वस्थ रहने तन और मन दोनों में लाभकारी होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आने के कारण आकर्षण बढ़ गया है। मुझे लगता है कि इसका आने वाले दिनों में जम्मू कश्मीर की अर्थव्यवस्था को भी लाभ होगा। जी20 के आयोजन के बाद जिस तरह से पर्यटकों का आना बढ़ा है वैसे में मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री के योग दिवस पर उपस्थिति के कारण पर्यटकों का रुझान और बढ़ेगा।