पार्किंग सर्टिफिकेट दिखाने पर हो वाहन पंजीकरण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रियासत में हर वर्ष वाहनों की संख्या में बढ़ोतरी होना यातायात पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया है। इससे चिंतित होकर विभाग ने मोटर व्हीकल डिपार्टमेंट (एमवीडी) को सुझाव दिया है कि वाहनों का पंजीकरण तभी किया जाए, जब वाहन का मालिक उसकी पार्किंग का सर्टिफिकेट दे।
हालांकि अभी इस पर एमवीड ने कोई निर्णय नहीं लिया, लेकिन आने वाले दिनों में इस पर अहम फैसला हो सकता है। करीब दो साल पहले भी इस व्यवस्था को अपनाने के प्रयास किए गए थे, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ पाया।
चूंकि अब शहर में पार्किंग एक बड़ी समस्या बन चुकी है, तो इसकी जरूरत सभी को महसूस होने लगी है। यातायात पुलिस, नगर निगम और एमवीडी मिलकर इस पर चर्चा करने की कोशिश में हैं। यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों को जुर्माना भी बढ़ाने की सिफारिश की है।
कुछ ऐसी है वाहनों की स्थिति
रियासत में कुल वाहनों की संख्या 737577 तक पहुंच गई है। जम्मू संभाग में कुल 462714 वाहन हैं और कश्मीर में 274863। पिछले पांच वर्ष से लगातार राज्य में हर वर्ष 40 से 50 हजार वाहनों की बढ़ोतरी हुई है।
2010 से यह सिलसिला शुरू हुआ था। एक वर्ष में पहले 40 हजार वाहनों की बढ़ोतरी हुई, इसके अगले साल 43 हजार, फिर 45 और अब 50 हजार तक संख्या पहुंच गई है। हर वर्ष 50 हजार वाहनों में 40 हजार से अधिक वाहन पर्सनल वाहन हैं। निजी वाहनों की संख्या बढ़ना सबसे बड़ी चिंता का सबब है।
शहर में वाहनों के खड़े करने के लिए प्रशासन की तरफ से एक भी पार्किंग स्थल नहीं बनाया गया। हां राजस्व एकत्र करने के लिए नगर निगम और जेडीए ने शहर की सड़कों को जरूर बेच दिया है।
सड़कों पर ही पार्किंग बनाई गई हैं। शहर में आइडियल पार्किंग और मल्टी टायर पार्किंग का प्रस्ताव बनाया गया है, लेकिन इस पर कोई काम नहीं हुआ। शहर में कोई जगह प्रशासन को नहीं मिल रही, जहां पार्किंग बनाई जाए।