Ceasefire Violation: पाकिस्तान ने लगातार 11वें दिन तोड़ा संघर्षविराम, जवाब में गरज उठीं भारतीय सेना की बंदूकें
भारतीय सैनिक गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान ने लगातार 11वें दिन संघर्षविराम का उल्लंघन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान पहलगाम आतंकी हमले के बाद से नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन कर गोलीबारी कर रहा है। बिना उकसावे के पाकिस्तानी चौकियों से यह गोलीबारी एक या दो सेक्टरों तक ही सीमित नहीं रह गई है। बल्कि एक साथ कई सेक्टरों में गोलीबारी हो रही है। हालांकि भारतीय सैनिक गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान ने लगातार 11वें दिन संघर्षविराम का उल्लंघन किया। इस बार पाकिस्तानी सेना ने पुंछ में उल्लघंन किया।
पुंछ के सुरनकोट में आतंकी ठिकाना ध्वस्त, आईईडी व रेडियो सेट बरामद
पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील में रविवार देर रात सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान के दाैरान जंगल में एक आतंकी ठिकाने को ध्वस्त कर दिया। आतंकी ठिकाने से एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी), दो रेडियो सेट और तीन कंबल बरामद हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, देर शाम सुरक्षाबलों ने एक विशिष्ट सूचना पर सुरनकोट तहसील के मरहोट इलाके में तलाशी अभियान चलाया था।
पुंछ के स्कूल में बच्चे ले रहे जान बचाने का ज्ञान
पुंछ के नियंत्रण रेखा के समीप स्थित मिडल स्कूल सलोत्री के बच्चों को अब किताबों के साथ-साथ जिंदगी बचाने के गुर भी सिखाए जा रहे हैं। पाकिस्तान की चौकियों के सामने बसे इस स्कूल पर पहले भी कई बार गोलीबारी हो चुकी है और अब हालात ऐसे हैं कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ सुरक्षा प्रशिक्षण देना भी जरूरी हो गया है।
स्कूल के छात्र-छात्राएं खानम मीर, अशफाक अहमद, रजिया कोसर, वाहिद और रमीज बताते हैं कि जैसे ही गोले गिरने की आवाज आती है, हम डेस्क के नीचे छिप जाते हैं। जब आवाजें कुछ कम होती हैं तो हम टीचरों के पीछे-पीछे बंकर तक भागते हैं।
स्कूल की मुख्य अध्यापिका प्रीतम कौर और शिक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि पहलगाम हमले के बाद नियंत्रण रेखा पर हालात और भी तनावपूर्ण हो गए हैं। पाकिस्तानी सेना लगभग हर रात गोलीबारी कर रही है। ऐसे में बच्चों को सुरक्षा उपायों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
बच्चों को सिखाया जा रहा है कि जैसे ही गोलीबारी शुरू हो, वे तुरंत डेस्क के नीचे छिप जाएं, फिर शिक्षकों के निर्देश अनुसार जमीन पर बैठते या रेंगते हुए स्कूल परिसर में बने पक्के बंकर की ओर बढ़ें।
रविंद्र कुमार बताते हैं कि जब भी कोई गोला गिरता है, उसके छर्रे जमीन से करीब ढाई से तीन फीट ऊपर तक फैलते हैं, इसलिए बच्चों को तुरंत जमीन पर लेटने या बैठने की सलाह दी जाती है, जिससे वे घायल होने से बच सकें।