त्राल: एक और आतंकी का शव बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल में मुठभेड़स्थल कमला जंगल से मंगलवार को एक और आतंकी का शव बरामद किया गया। इस बीच मुठभेड़ में सोमवार को जिस युवक की मौत हुई थी, उसे निरीह नागरिक बताते हुए स्थानीय निवासियों ने मंगलवार को जमकर बवाल काटा। सुरक्षा बलों पर पथराव किया। कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प हुई।
इसमें 22 लोग घायल हो गए। सीआरपीएफ के एक जवान की राइफल भी प्रदर्शनकारियों ने छीन ली। इस बीच त्राल जा रहे जेकेएलएफ के अध्यक्ष मोहम्मद यासीन मलिक और हाल ही में जेल से रिहा हुए अलगाववादी नेता एवं मुस्लिम लीग के अध्यक्ष मसर्रत आलम को पुलिस ने अवंतीपोरा के पास गिरफ्तार कर लिया।
इस घटना को लेकर हुर्रियत (ग) के कट्टरपंथी अलगाववादी नेता सईद अली शाह गिलानी ने बुधवार को त्राल बंद और हुर्रियत (म) के अध्यक्ष मीरवाइज मौलवी उमर फारूक ने पुलवामा बंद की कॉल दी है। मुठभेड़ स्थल से नागरिकों की सूचना पर मंगलवार को पुलिस ने एक और आतंकी का शव बरामद किया।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने उन्हें सूचना दी कि सेना की वर्दी पहने एक व्यक्ति का शव कमला जंगल में पड़ा है। इसके बाद घटना स्थल पर पहुंचकर शव बरामद किया गया।
ओजीडब्ल्यू था खालिद मुजफ्फर
औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को स्थानीय लोगों के हवाले कर दिया गया। इस आतंकी की पहचान मोहम्मद यूनिस गनई के तौर पर हुई। पुलिस के अनुसार यह आतंकी छह अप्रैल को त्राल में हुई रफीक दादा की हत्या में आरोपी था और इस हमले के बाद आतंकियों के साथ शामिल हुआ था। मृतक के पिता ने इस बात को स्वीकारा कि उसका बेटा मोहम्मद यूनिस छह अप्रैल से लापता था।
मुठभेड़ में सोमवार को मारे गए खालिद मुजफ्फर की हत्या का आरोप लगाते हुए नागरिकों ने मंगलवार सुबह से ही हंगामा काटना शुरू कर दिया था। त्राल दिन भर बंद रहा। नमाज-ए-जनाजा के बाद गुस्साए युवाओं ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार भिड़ंत हुई।
लोगों ने इलाके में स्थित सीआरपीएफ के 40 बटालियन कैंप पर पत्थर भी बरसाए और आगे बढ़ने लगे। स्थिति को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पडे़। इसी दौरान सीआरपीएफ के एक जवान की सर्विस राइफल प्रदर्शनकारियों ने छीन ली। पुलिस के एक अधिकारी ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि जिस जवान की राइफल छीनी गई उसका नाम बोथा लाल (बेल्ट नंबर 831120103) है। मामले में जांच जारी है। प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा रही है।
ओजीडब्ल्यू था खालिद मुजफ्फर
सेना के अनुसार सोमवार को त्राल के कमला जंगल में मुठभेड़ में मारा गया खालिद मुजफ्फर हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी बुरहान का भाई था। वह त्राल के शरीफाबाद का रहने वाला था। वह ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) की सूची में शामिल था।