श्रीनगर में एलजी सिन्हा: पाकिस्तान की नापाक कोशिशों को नाकाम करना जरूरी, नशामुक्त जम्मू-कश्मीर बनाना लक्ष्य
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रीनगर में पैडल फॉर पीस साइकिल रेस-2023 के विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं का उत्साह व प्रतिबद्धता सबसे बड़ी संपत्ति है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि पड़ोसी देश की नापाक कोशिशों को नाकाम करना और नशामुक्त जम्मू-कश्मीर बनाना जरूरी है। प्रदेश के युवाओं में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की आकांक्षा बढ़ रही है। एक लक्ष्य और एक संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए युवा पीढ़ी का उत्साह और प्रतिबद्धता जम्मू-कश्मीर प्रशासन की सबसे बड़ी संपत्ति है।
उन्होंने ये बातें पुलिस द्वारा आयोजित पैडल फॉर पीस साइकिल रेस-2023 के पुरस्कार समारोह में कहीं। इस वर्ष आठ श्रेणियों में 2557 साइकिल चालकों ने पैडल फॉर पीस में भाग लिया। उप राज्यपाल ने विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पेडल फॉर पीस शांति, प्रगति और समृद्धि का प्रतीक है।
यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयास जारी हैं, ताकि हमारे युवा अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकें। उन्होंने सिविक एक्शन कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपनी आकांक्षाओं को साकार करने का अवसर प्रदान करने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस की सराहना की।
समारोह में उप राज्यपाल के सलाहकार राजीव राय भटनागर, गृह विभाग के एसीएस आरके गोयल, जम्मू-कश्मीर पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह, एडीजीपी जम्मू-कश्मीर सशस्त्र पुलिस एसजेएम गिलानी, पुलिस और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी सहित जेएंडके साइकिलिंग एसोसिएशन के सदस्य आदि मौजूद रहे।
नया रास्ता चुनने के लिए देशवासियों को केंद्र शासित प्रदेश के युवाओं पर गर्व
उप राज्यपाल ने कहा कि पूरे देश को युवाओं द्वारा जम्मू-कश्मीर केंद्रशासित प्रदेश को उद्यम, नवाचार और आविष्कार का रास्ता चुनने पर गर्व है। आज हमारे युवा, विशेषकर हमारी बेटियां हर क्षेत्र में नया इतिहास लिख रही हैं। उनका दृढ़ संकल्प, समर्पण और कड़ी मेहनत से जम्मू-कश्मीर का समावेशी विकास सुनिश्चित हो रहा है।