Jammu-Kashmir: गुपकार में फूट, विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी नेशनल कॉन्फ्रेंस
पांच दलों नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी, अवामी नेशनल कॉन्फ्रेंस, माकपा और भाकपा के समूह PAGD को अनुच्छेद 370 को पांच अगस्त 2019 को निष्क्रिय किए जाने के बाद इस अनुच्छेद को दोबारा सक्रिय कराने के उद्देश्य से गठित किया गया था।
विस्तार
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने बुधवार को घोषणा की कि जम्मू-कश्मीर में होने वाले विधानसभा चुनाव में वह सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। नेकां ने ऐसा कहकर वस्तुत: पीपुल्स अलायंस फॉर गुपकर डिक्लरेशन (पीएजीडी) खत्म करने का संकेत दिया। पीएजीडी ने जिला विकास परिषद का चुनाव एकसाथ मिलकर लड़ा था जिसमें शुरूआत में सज्जाद गनी लोन के नेतृत्व वाला पीपुल्स कॉन्फ्रेंस भी एक घटक था।
हालांकि, बुधवार को जम्मू कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (जेकेएनसी) ने कई ट्वीट करके पीएजीडी के कुछ घटकों द्वारा पार्टी के खिलाफ दिए गए भाषणों पर निराशा व्यक्त की। पार्टी उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला की अध्यक्षता में एक बैठक के बाद नेकां ने कहा कि बैठक के प्रतिभागियों ने जेकेएनसी को लक्षित करके पीएजीडी के कुछ घटकों द्वारा किए गए हालिया बयानों और भाषणों पर निराशा व्यक्त की।
नेकां ने कहा प्रांतीय समिति में शामिल कार्यकर्ताओं ने पीएजीडी में नेकां के साथ किए गए अनुचित व्यवहार की निंदा की। प्रतिभागियों ने पीएजीडी घटकों से सुधार के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की। एक अन्य ट्वीट में पार्टी की ओर से कहा गया - प्रांतीय समिति के सदस्यों ने सर्वसम्मति से संकल्प लिया कि जेकेएनसी को सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी करनी चाहिए।
उमर ने बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि लोग अपना पंजीकरण कराएं और जम्मू-कश्मीर की पहचान की रक्षा के लिए भारी संख्या में मतदान करें। कहा, बैठक में जम्मू-कश्मीर से संबंधित मुद्दों, विशेष रूप से गैर-स्थानीय मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने पर चर्चा की गई।
गठबंधन राजनीतिक है चुनावी नहीं: नेकां
नेकां के मुख्य प्रवक्ता तनवीर सादिक ने बताया कि पार्टी कैडर ने उपाध्यक्ष उमर से कहा है कि यह केवल एक राजनीतिक गठबंधन है, चुनावी नहीं। इसलिए इसे राजनीतिक गठबंधन ही रखा जाए।
चुनावों पर फैसला नेकां को करना है: पीडीपी
घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, पीडीपी के मुख्य प्रवक्ता सुहैल बुखारी ने कहा कि चुनाव कभी भी उनकी पार्टी का उद्देश्य या पीएजीडी के गठन का कारण नहीं था। उन्होंने कहा, एकता के व्यापक हित में गठबंधन के घटकों को एक साथ चलने की जरूरत है। हालांकि चुनावों पर फैसला नेशनल कॉन्फ्रेंस को करना है।
पीएजीडी में पांच दल
नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी), अवामी नेशनल कॉन्फ्रेंस,मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ।