राहत...कल से ओपीडी में देखे जाएंगे ज्यादा मरीज, संबंधित नंबर न मिलने पर यहां कराएं पंजीकरण
कोविड संकट के बीच मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। जीएमसी सहित अन्य एसोसिएटेड अस्पतालों में अपॉइंटमेंट ओपीडी का विस्तार कर दिया गया है। अब संबंधित यूनिटों में अपॉइंटमेंट वाले 20 मरीजों के बजाय 30 मरीजों को देखा जाएगा।
सुपर स्पेशलिटी के सभी यूनिटों में ओपीडी दिन भी बढ़ा दिए गए हैं। यह 25 मई से लागू होगा, हालांकि सोमवार को ईद की छुट्टी के कारण यह मंगलवार से प्रभावी हो जाएगा। यह फैसला शनिवार को जीएमसी में विभागीय अध्यक्षों की हुई बैठक में लिया गया।
दो हफ्ते में पहले नई व्यवस्था में एसोसिएटेड अस्पतालों में जीएमसी, सुपर स्पेशलिटी, एसएमजीएस में संबंधित यूनिटों की ओपीडी में 20 मरीजों को अपॉइंटमेंट पर देखा जा रहा था। लेकिन मरीजों की अधिक संख्या को देखते हुए इसमें चरणबद्ध तरीके से विस्तार किया जा रहा है। अब नई व्यवस्था में 30 या इससे कुछ अधिक मरीजों को देखा जा सकेगा।
मरीज सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक संबंधित नंबरों पर ओपीडी के लिए अपॉइंटमेंट ले सकेंगे। बिना फोन अपॉइंटमेंट के आने वाले मरीजों को ओपीडी के लिए योग्य नहीं माना जाएगा। साइकाइट्री ओपीडी के दिन को बढ़ाकर अब यह मेडिसन ओपीडी के परिसर में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी।
इसी तरह चेस्ट डिजीज ओपीडी को भी मेडिसन ओपीडी परिसर में मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। ओपीडी की अपॉइंटमेंट के लिए दिए गए संबंधित नंबरों पर अगर कोई तकनीकी खराबी होती है तो मरीज अस्पताल के कंट्रोल रूम नंबर पर अपॉइंटमेंट ले सकते हैं।
कंट्रोल रूम नंबर चौबीस घंटे चलता है, लेकिन अपॉइंटमेंट लेने के लिए इसकी तय की गई समय सारिणी होगी। एसोसिएटेड अस्पतालों में साइकाइट्री और सीडी अस्पताल कोविड अस्पताल के रूप में काम कर रहे हैं, जिससे इनकी ओपीडी जीएमसी के मेडिसन ओपीडी परिसर में शिफ्ट की गई है।
ओपीडी में आने वाले मरीज और तीमारदार के लिए फेस मास्क, हैंड सैनिटाइजर, सामाजिक दूरी का पालन करना अनिवार्य होगा। मरीजों और तीमारदारों की स्क्रीनिंग के लिए अस्पताल प्रशासनों की ओर से मुख्य गेटों पर प्रबंध किए गए हैं।
सुपर स्पेशलिटी ओपीडी और उनके दिन
- कार्डियोलॉजीः सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शनिवार
- सीटीवीएसः मंगलवार और शुक्रवार
- नेफरोलॉजीः बुधवार और शुक्रवार
- यूरोलॉजीः सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शुक्रवार
- न्यूरोलॉजीः सोमवार, गुरुवार और शनिवार
- न्यूरोसर्जरीः मंगलवार और शुक्रवार
- इंडोक्राइनोलॉजीः शनिवार