'जम्मू एक्सप्रेस' से मिले एलजी: उमरान मलिक से मिलने पहुंचे मनोज सिन्हा, कहा- यह बड़ी उपलब्धि, पूरे प्रदेश को गर्व
उमरान ने आईपीएल में 13 मैच खेलकर 21 विकेट हासिल किए। 157 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी गई गेंद इस सीजन में सबसे तेज रही। एलजी ने परिवार के सभी सदस्यों से बातचीत कर कहा कि यह बड़ी उपलब्धि है, जिसे लेकर पूरे प्रदेश को उमरान पर गर्व है।
विस्तार
आईपीएल में तेज गेंदबाजी से सनसनी मचाने और टीम इंडिया में चयन के बाद जम्मू एक्सप्रेस उमरान मलिक पहली बार मंगलवार को जम्मू लौटे। आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद का सफर खत्म होने पर उमरान तीन माह बाद घर पहुंचे तो उनसे मिलकर सेल्फी लेने वालों का तांता लग गया। जम्मू के गुज्जर नगर स्थित उमरान के घर उप राज्यपाल मनोज सिन्हा भी पूरे परिवार को बधाई देने पहुंचे।
उन्होंने कहा कि उमरान के खेल प्रशिक्षण और अन्य सुविधाओं का जम्मू-कश्मीर सरकार ध्यान रखेगी। खेल नीति के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी को राजपत्रित पद पर नौकरी का प्रावधान है। उमरान यदि चाहें तो उन्हें खेल नीति के तहत नौकरी दी जाएगी। उमरान ने उप राज्यपाल को खुद मिठाई खिलाई। आत्मीयता भरे माहौल में एलजी ने परिवार के सभी सदस्यों से बातचीत कर कहा - यह बड़ी उपलब्धि है, जिसे लेकर पूरे प्रदेश को उमरान पर गर्व है। उल्लेखनीय है कि उमरान ने आईपीएल में 13 मैच खेलकर 21 विकेट हासिल किए। 157 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी गई गेंद इस सीजन में सबसे तेज रही।
तीन माह बाद घर लौटे उमरान को खीर पसंद है। मां ने कहा, उमरान को खीर बहुत पसंद है इसलिए उसकी पसंद की खीर बनाई है। मुझे पूरी उम्मीद है कि बेटा इसी तरह से अपने प्रदर्शन से देश और परिवार को गर्व महसूस करवाता रहेगा।
उमरान के पिता अब्दुल राशिद मलिक ने कहा कि उमरान ने बचपन से ही देश के लिए खेलने का सपना देखा था। सपना साकार होने की बेहद खुशी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से जम्मू-कश्मीर समेत पूरे देश से उमरान को इतना प्यार और तारीफ मिली है, वे उम्मीद करते हैं कि उमरान तेज गेंदबाजी में सारे रिकॉर्ड तोड़ेगा। सबसे महत्वपूर्ण देश के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है, जिसे लेकर वह पूरी उम्मीद रखते हैं। उन्होंने कहा कि उमरान को बीसीसीआई की ओर से फिलहाल कोई इंटरव्यू न देने को कहा गया है, इसलिए वह मीडिया से बात नहीं कर सकता, लेकिन सभी का तहेदिल से शुक्रिया अदा करना चाहते हैं।