SKUAST Convocation: स्कॉस्ट जम्मू का 8वां दीक्षांत समारोह आयोजित, डिग्रियां पाकर खिलखिलाए होनहार
उपराज्यपाल ने कहा कि एग्री इनोवेशन, एग्री टेक्नोलॉजी और प्रोसेस्ड फूड में एक बड़ा अवसर भारत के इंतजार में है। स्कॉस्ट जैसे संस्थान खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में क्रांति लाने के लिए अत्याधुनिक तकनीक और नए तरीके बनाने में प्रमुख भूमिका निभाएंगे।
विस्तार
शेर-ए-कश्मीर यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी ( स्कॉस्ट ) जम्मू के 8वें दीक्षांत समारोह का आयोजन गुरुवार को हुआ। देश के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित होने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के चलते उन्हें अपना जम्मू दौरा रद्द करना पड़ा। हालांकि वे पठानकोट के रास्ते कठुआ एक अन्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दोपहर पहुंचे।
इधर, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने स्कॉस्ट जम्मू के दीक्षांत समारोह में 590 विद्यार्थियों को डिग्रियां वितरित कीं। इसके अलावा 11 विद्यार्थियों को विभिन्न वर्गों में स्वर्ण पदक दिए गए, जिनमें 10 पदक बेटियों ने हासिल किए। उपराज्यपाल ने जम्मू कश्मीर में कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के दावे किए।
इस अवसर पर उपराज्यपाल ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों, शोधकर्ताओं, नवप्रवर्तकों को बधाई दी, जो कृषि विज्ञान और प्रौद्योगिकी के लिए उत्कृष्टता केंद्र बनाने में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एग्री इनोवेशन, एग्री टेक्नोलॉजी और प्रोसेस्ड फूड में एक बड़ा अवसर भारत के इंतजार में है। स्कॉस्ट जैसे संस्थान खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में क्रांति लाने के लिए अत्याधुनिक तकनीक और नए तरीके बनाने में प्रमुख भूमिका निभाएंगे।
जम्मू कश्मीर एचएडीपी के माध्यम से एक आधुनिक और टिकाऊ कृषि और संबद्ध उद्योग के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। शैक्षणिक संस्थानों को किसानों के लिए इनपुट लागत को कम करने और कौशल और तकनीकी सहायता के साथ उत्पादन को अधिकतम करने के लिए अभिनव दृष्टिकोण अपनाना होगा।