खेलो इंडिया विंटर गेम्स: स्पीड स्केटर वर्षा ने रचा इतिहास, आकाश के नाम दूसरा स्वर्ण
वर्षा 39.81 सेकंड के समय के साथ शुरू से अंत तक विजेता रहीं। वर्षा ने अपना आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला जुलाई 2022 में अमेरिका में खेला था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत की अंतरराष्ट्रीय स्केटर वर्षा पुराणिक ने शनिवार को खेलो इंडिया विंटर गेम्स की 17 साल से ऊपर की श्रेणी में महिलाओं की 300 मीटर शॉर्ट ट्रैक रेस में स्वर्ण पदक जीतकर साबित कर दिया कि वह स्केटिंग प्रतियोगिता में अभी भी सर्वश्रेष्ठ हैं। वर्षा के कर्नाटक टीम के साथी आकाश आराध्य ने भी खेलों में अपने दूसरे व्यक्तिगत स्वर्ण के साथ ध्यान खींचा।
शनिवार को लेह के एनडीएस स्टेडियम में पुरुषों के ओवर-17 शॉर्ट ट्रैक (500 मीटर) फाइनल में जीत हासिल करने वाले आकाश आराध्य और वर्षा ने शॉर्ट-फॉर्म स्केटिंग प्रतियोगिता में कर्नाटक को बढ़त दिला दी है। कर्नाटक को पांच में से तीन स्वर्ण पदक हैं। इसके साथ ही कर्नाटक समग्र पदक तालिका में सबसे आगे है।
नयनाश्री तल्लूर ने महिलाओं के अंडर-17 शॉर्ट ट्रैक (300 मीटर) फाइनल में जीत हासिल कर तेलंगाना को अपना पहला स्वर्ण पदक दिलाया। वर्षा पुराणिक दिन का सबसे बड़ा आकर्षण रहीं। 2001 से अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भाग ले रहीं 37 वर्षीय खिलाड़ी ने अपनी श्रेणी में दबदबा कायम रखा है।
वर्षा 39.81 सेकंड के समय के साथ शुरू से अंत तक विजेता रहीं। वर्षा ने अपना आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला जुलाई 2022 में अमेरिका में खेला था। इस दौरान वर्षा ने कहा कि मैं पेशे से एक माइक्रोबायोलॉजिस्ट हूं और स्केटिंग मेरा जुनून है। मूल रूप से मैं एक रोलर स्केटर हूं, जिसके लिए मैंने 2018 एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। मेरे कोच के. श्रीकांत राव के सुझाव पर मैंने आइस स्केटिंग चुनी।
आकाश अराध्य (54.91 सेकंड) ने भी अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभव का लाभ उठाते हुए महाराष्ट्र के सुयोग तपकिर (55.27 सेकंड) को पछाड़कर स्वर्ण पदक जीता। आकाश ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और जापान में 2017 एशियाई शीतकालीन खेलों में देश के ध्वजवाहक थे।
आईस हॉकी : लद्दाख ने महाराष्ट्र को 13-0 के अंतर से हराया
आइस-हॉकी प्रतियोगिता में शनिवार को दूसरे दिन आईटीबीपी, सेना और लद्दाख जैसी शीर्ष वरीयता प्राप्त टीमें हावी रहीं। ग्रुप ए में आईटीबीपी के जवानों ने दिन के पहले मैच में मोहम्मद इस्माइल के चार गोल की मदद से हरियाणा को 13-0 से हरा दिया। सेना ने ग्रुप बी गेम में राजस्थान के पुरुषों के खिलाफ 24-0 से बड़ी जीत दर्ज की, जिसमें त्सेवांग दोरजे ने छह गोल और त्सेवांग स्टैनजिन ने चार गोल किए। ग्रुप बी के एक अन्य पुरुष मैच में लद्दाख ने महाराष्ट्र को 13-0 से हराया। दिन के एकमात्र महिला राउंड-रॉबिन मैच में आईटीबीपी ने तेलंगाना को 19-0 से हरा दिया।