जम्मू-कश्मीरः युवाओं को खूब लुभा रही है खादी, बाजार में कई नए किस्म के परिधान उपलब्ध
रेडीमेड कपड़ों में देसी और विदेशी ब्रांड के उत्पादों के बीच पहचान खोता स्वदेशी खादी कपड़ा अब एक नए फैशन ट्रेंड पर आने की तैयारी कर चुका है। सदरी, कुर्ता और शर्ट के साथ-साथ खादी के डिजाइनर टॉप, जैकेट, ट्राउजर ऑनलाइन मार्केट में आए हैं।
युवाओं में खादी पहनने की होड़ दिख रही है। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म सहित विभिन्न ऑनलाइन साइटों पर खादी कपड़े पसंद किए जा रहे हैं। खादी के कपड़ों में डिजाइनर शर्ट, ट्राउजर, इंडोवेस्टर्न ड्रेस, कोट-पैंट, टॉप और शॉर्ट कुर्ते ऑनलाइन उपलब्ध हैं। ऑनलाइन साइटों की माध्यम से खादी के कपड़े हर रोज बड़ी संख्या में खरीदे जा रहे हैं।
युवतियों के अलावा युवकों में भी खादी का क्रेज देखने को मिल रहा है। युवकों के लिए खादी के शार्ट कुर्ते ऑनलाइन उपलब्ध हैं। गर्मी के सीजन में बाजारों में भी खादी की भारी रेंज देखने को मिलेगी।
सात प्रकार की खादी उपलब्ध
खादी कॉटन फैब्रिक, खादी वूलन फैब्रिक, खादी सिल्क फैब्रिक उपलब्ध हैं। खादी सिल्क फैब्रिक में मटका सिल्क फैब्रिक, टस्सर सिल्क फैब्रिक, प्रिंटेड खादी सिल्क और पट्टू खादी सिल्क भी उपलब्ध है।
ये हैं दाम
विभिन्न कपड़ों के विभिन्न दाम हैं। जिसमें कुर्ते की कीमत 500 रुपये से शुरू हो रही है। डिजाइनर टॉप की कीमत एक हजार से शुरू हो रही है। ट्राउजर की कीमत 700 रुपये से शुरू हो रही है।