भारी बर्फबारी से जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद
जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी से जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे को बंद कर दिया गया है। जवाहर टनल के पास हुई भारी बर्फबारी के चलते टनल को भी बंद किया गया है। यही एक रास्ता है जो कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ता है। खबर है कि वैष्णो देवी में भी बर्फबारी हुई है। लेह लद्दाख में भारी बर्फबारी और जम्मू के निचले इलाकों में बारिश भी हुई है।
बर्फबारी के बाद शुरू हुई शीतलहर से रियासत कडाके की ठंड की चपेट में है। समूची कश्मीर घाटी बर्फ की सफेद चादर के आगोश में है। रियासत में हुई भारी बर्फबारी का सबसे ज्यादा असर ट्रांसपोर्ट सिस्टम पर पड़ा है। जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे1-ए पर जबरदस्त बर्फबारी हुई है।
बर्फबारी का सबसे ज्यादा असर जम्मू से आगे पटनीटाप इलाके में और जवाहर टनल के आसपास देखा जा रहा है। इन इलाकों में भारी बर्फबारी के चलते श्रीनगर जाने जाने वाले और श्रीनगर से आने वाले वाहनों को रास्ते में ही रोक दिया गया है। जवाहर टनल के दोनों तरफ बर्फ की मोटी परत जम गई है।
गुलमर्ग में 1.5 फीट बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार गुलमर्ग में 1.5 फीट तक बर्फबारी हुई है। गुलमर्ग में माइनस चार डिग्री तापमान है। अमरनाथ यात्रा का बेस कैंप रहने वाले पहलगाम में 8 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है, यहां तापमान जीरो डिग्री दर्ज किया गया।
घाटी के काजीकुंड में दो सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है जबकि यहां का तापमान 0.2 डिग्री दर्ज किया गया। कुपवाड़ा में 2.2 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है जबकि यहां का तापमान 0.4 डिग्री दर्ज किया गया। कोकरेनाग में दो सेंटीमीटर बर्फबाफी हुई है।
कारगिल अभी भी देश का सबसे सर्द इलाका है, बीती रात कारगिल का पारा माइनस 12.8 दर्ज किया गया जबकि लेह का तापमान 12.4 दर्ज किया गया।