Jammu Accident: जम्मू में बड़ा हादसा... यात्रियों से भरी UP की बस खाई में गिरी, 22 की मौत, 69 लोग घायल
Jammu Accident : जम्मू के अखनूर में जम्मू-पूंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों से भरी एक बस गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत हो गई और करीब 69 घायल हो गए। हादसे को लेकर बड़े स्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-पूंछ राष्ट्रीय राजमार्ग (144ए) पर अखनूर के चूंगी मोड़ क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में अब तक 22 लोगों के मारे जाने की खबर है। करीब 69 यात्री घायल हो गए। इनमें 57 को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया और 12 लोगों का इलाज अखनूर उपजिला अस्पताल में जारी है। बस में 91 यात्री सवार थे। पुलिस व स्थानीय लोगों द्वारा बचाव अभियान चलाया। खाई से निकाल कर घायलों को अखनूर उपजिला अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जम्मू मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) रेफर किया गया।
बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए शिवखोड़ी जा रहे थे यात्री
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उत्तरप्रदेश के हाथरस की यह बस हरियाणा के कुरुक्षेत्र से शिवखोड़ी धाम जा रही था। शिवखोड़ी धाम, जम्मू संभाग के रियासी जिले के पौनी में स्थित है, जो कि कटड़ा सिथ्त माता वैष्णो देवी मंदिर से मात्र 80 किलोमीटर की दूरी पर है। यह भगवान भोलेनाथ को समर्पित है।
तीखे मोड़ पर सामने से आ रही बस से बिगड़ गया संतुलन
जानकारी के अनुसार, बस का नंबर है- यूपी 86ईसी 4078 बताया गया है। यह बस अखनूर के चूंगी मोड़ में गहरी खाई में जा गिरी। इस तीखे मोड़ पर सामने से आ रही एक बस के आने से हादसे वाली बस के चालक का संतुलन बिगड़ा गया और यह दुर्घटना हो गई। बस के गिरते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचित किया गया। तुरंत में राहत और बचाव अभियान चलाया गया।
अस्पताल में इलाज करा रहे घायलों में से एक अमर चंद ने बताया, 'एक कार विपरीत दिशा से आ रही थी। बस चालक ने तीखा मोड़ को पार करने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा, जिसके परिणामस्वरूप वाहन खाई में जा गिरा।'
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (यातायात) फैसल कुरैशी, परिवहन आयुक्त और अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और अभियान की निगरानी की। संभागीय आयुक्त रमेश कुमार, एसएसपी-जम्मू और जम्मू के डिप्टी कमिश्नर ने घायलों के बारे में जानकारी लेने के लिए जीएमसी अस्पताल का दौरा किया।
रस्सी और कुछ को पीठ पर लाद कर सड़क तक पहुंचाए घायल
बस के शीशे तोड़ कर लोगों को बाहर निकाला गया। फिर रस्सी और कुछ को पीठ पर लाद कर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद घायलों को वाहनों में सवार कर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान सड़कों पर एंबुलेंस की आवाज गूंजती रही।
57 घायल जीएमसी जम्मू रेफर
अस्पताल में हादसे की खबर के साथ ही स्टाफ को अलर्ट कर दिया गया। घायलों के पहुंचने के साथ ही यहां उपचार शुरू कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर किया गया। जीएमसी जम्मू में डॉक्टरों की अलर्ट टीम ने मोर्चा संभालते हुए पहुंचे हुए घायलों का तुरंत इलाज शुरू कर दिया।
जम्मू जिला प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
बस दुर्घटना के बारे में सहायता और पूछताछ के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है-
- डीएम कार्यालय 9622699666, 9419160547
- एसपी कार्यालय 9419172197, 9419194102, 9596869639
- मेडिकल 9419190500, 9419190493
For help, assistance and queries regarding the Bus accident occurred near Akhnoor today, following numbers can be contacted:
— District Magistrate, Jammu (@dmjammuofficial) May 30, 2024
•DM Office 9622699666, 9419160547
•SP Office 9419172197, 9419194102, 9596869639
•Medical 9419190500, 9419190493@Uppolice @dm_hathras @Dm_Aligarh
बस में 91 यात्री थे सवार
बस में लगभग 91 यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम अखनूर लेख राज, एसडीपीओ अखनूर मोहन शर्मा, थानाप्रभारी अखनूर तारिक अहमद मोके पर बचाव कार्य मे जुटे। इसके बाद एसएसपी जम्मू व अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
जीएमसी में घायलों का हाल जानने पहुंचे जम्मू जिला उपायुक्त
सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) जम्मू में घायलों का हाल जानने के जिला उपायुक्त सचिन कुमार वैश्य पहुंचे। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायलों का इलाज चल रहा है। वह यहां स्थिति की समीक्षा करने आए हैं। जिला प्रशासन घायलों को हर संभव मदद पहुंचने के लिए जुटा है।
VIDEO | Reasi Bus Mishap: “The injured in the accident are undergoing treatment. I have come here (Government Medical College Jammu) to review the situation. The district administration is looking after the treatment of the people. The exact number of casualties in the accident… pic.twitter.com/Hr5BNv8iLk
— Press Trust of India (@PTI_News) May 30, 2024
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जताया दुख
जम्मू के अखनूर में हुए सड़क हादसे को लेकर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुख प्रकट किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि जम्मू के निकट अखनूर में हुई बस दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर उन्हें बहुत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं है। वह घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हैं।
मृतकों के परिजनों के लिए 5 लाख की सहायता राशि की घोषणा
उपराज्यपाल (एलजी) मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू के अखनूर में हुई बस दुर्घटना हृदय विदारक है। उन्होंने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, ' मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परजिनों को पांच लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के इलाज के लिए पचास हजार रुपये देने की घोषणा की गई।
जम्मू संभाग में दूसरा सबसे बड़ा हादसा
- 15 नवंबर 2023 को डोडा में हुए हादसे के यह जम्मू संभाग की दूसरी सबसे बड़ी दुर्घटना है। डोडा के अस्सर इलाके में यात्रियों से भरी एक बस सड़क से फिसल कर 300 फुट गहरी खाई में गिर गई थी। इसमें 39 लोगों की मौत हो गई थी और 19 घायल हो गए थे।
- इसी साल 29 मार्च को रामबन जिले के बैटरी चश्मा इलाके में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) के फिसल कर खाई में गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई थी।
- 1 जुलाई 2019 को किश्तवाड़ के सांगवारी इलाके में एक ओवरलोड मिनी बस के सड़क से फिसल कर खाई में गिर जाने से 35 लोगों की मौत हो गई थी और 17 घायल हो गए थे।
- 14 सितंबर 2018 को किश्तवाड़ के दंदारन इलाके में एक मिनी बस सड़क से फिसल कर खाई में गिर गई थी, जिसमें 17 यात्रियों की मौत हो गई थी और 16 घायल हो गए थे।
बस हादसे के 22 मृतकों की पहचान
बस हादसे में मारे गए 22 मृतकों की पहचान की जा चुकी है। अखनूर उप जिला अस्पताल के अनुसार इनकी पहचान लक्ष्मण प्रसाद निवासी नया गांव मथुरा, रुद्रा सुपुत्र लक्ष्मण प्रसाद निवासी नया गांव मथुरा, अनामिका पत्नी लक्ष्मण प्रसाद निवासी नया गांव मथुरा, नैना उर्फ नैंसी सुपुत्री लक्ष्मण प्रसाद निवासी नया गांव मथुरा, सीमा पत्नी समरजीत सिंह निवासी हाथरस, रणवीर सिंह निवासी हाथरस, समरजीत सिंह निवासी हाथरस, सोनू सुपुत्री सुभाष निवासी नया गांव मथुरा, संजय सिंह सपुत्र सुंदर सिंह निवासी नया गांव मथुरा, रेनू पत्नी जगबीर सिंह निवासी हाथरस, तनुज सुपुत्र संजय सिंह निवासी नया गांव मथुरा, सुरेश निवासी नया गांव मथुरा, धर्मावती पत्नी राधेश्याम निवासी हाथरस, प्राची सुपुत्री जितेंद्र निवासी हाथरस, जयप्रकाश सुपुत्र भूरी सिंह निवासी नया गांव, सतवीर बस का परिचालक, राधा पत्नी रविंदर, वीरपाल सुपुत्र प्रभु सिंह निवासी हाथरस, राहुल सुपुत्र लटूरी सिंह निवासी हाथरस, सुनीता पत्नी भगवान सिंह निवासी नया गांव, यश सुपुत्र विजय सिंह निवासी हाथरस, रज्जो पत्नी राज कुमार निवासी हाथरस के रूप में हुई।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.