जम्मू-कश्मीर: रामबन में टैंकर और ट्रक पर गिरी चट्टान, एक चालक की मौत, भूस्खलन के कारण यातायात ठप
प्रदेश में सुबह से ही कई स्थानों पर लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है। इससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। भूस्खलन के कारण श्रीनगर हाईवे पर यातायात ठप हो गया है।
विस्तार
जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में कई जगहों पर भूस्खलन होने के बाद हाईवे यातायात के लिए ठप हो गया है। भारी बारिश के बीच जम्मू-श्रीनगर हाईवे से गुजर रहे ट्रक और टैंकर पर मगरकोट के पास चट्टान गिर गई। इसमें ट्रक चालक की मौत और टैंकर चालक और क्लीनर जख्मी हुए हैं। सूचना के बाद प्रशासन ने बचाव और राहत अभियान चलाया।
घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से ही हल्की व तेज बारिश हो रही है। जम्मू में सुबह से ही भारी कोहरा छाया हुआ है। कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी जारी है। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
कटड़ा में बारिश ने रोके भक्तों के कदम
उधर कटड़ा समेत वैष्णो देवी भवन में भी बारिश हुई है। इससे श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा लेकिन उनके जोश में कमी नहीं आई। वह माता के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते रहे। बारिश के दौरान भवन मार्ग पर बने शेड यात्रियों के लिए काफी राहत भरे रहे।
मंगलवार को दोपहर में तेज हवाओं के कारण जब कटड़ा से सांझी छत तक हेलिकॉप्टर सेवा बंद कर दी गई तो भक्तों को थोड़ी परेशानी जरूर हुई। अर्द्धकुवारी से हिमकोटि मार्ग पर भवन तक बैटरी कार सेवा और माता वैष्णो देवी के भवन से भैरव घाटी तक जारी रही रोपवे सेवा से भक्तों को काफी राहत मिली।
पंजीकरण कक्ष के अनुसार सोमवार को 15715 भक्तों ने मां के चरणों में हाजिरी लगाई। मंगलवार को 13610 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाया।