होटलों और संदिग्ध इलाकों में सर्च ऑपरेशन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गणतंत्र दिवस की सुरक्षा को पुख्ता करते हुए पुलिस ने बुधवार को शहर में विशेष तलाशी अभियान चलाया। होटलों, बस स्टैंड, एयरपोर्ट और कई संदिग्ध क्षेत्रों में पुलिस ने जांच अभियान चलाया। शहर में कई जगहों पर नाके लगाए गए हैं। साथ ही कुछेक क्षेत्रों में बंकर भी बनाए गए। यहां पर पुलिस के जवानों को तैनात कर दिया गया। प्रशासन की तरफ से भी पुलिस को साफ तौर पर निर्देश जारी किए गए हैं कि सैन्य क्षेत्रों में सुरक्षा को पुख्ता करें। इसे देखते हुए शहर के कई स्कूलों के बाहर सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।
एसएसपी उत्तम चंद ने बताया कि गणतंत्र दिवस को लेकर पूरे शहर की सुरक्षा कड़ी की गई है। शहर के संदिग्ध क्षेत्रों में सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं। साथ ही जहां पर कुछ होने की आशंका है, वहां पर विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। शहर के होटलों में भी जांच शुरू कर दी गई है। होटलों का रिकार्ड चेक किया जा रहा है। देखा जा रहा है कि कहीं कोई संदिग्ध तो नहीं ठहरा। वहीं तवी के किनारे कुछ बंकर बनाकर पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
स्टेडियम के आसपास सुरक्षा कड़ी: एसएसपी सिक्योरिटी जम्मू ने कहा गणतंत्र दिवस को लेकर आम लोगों से सहयोग मांगा गया है। उनका कहना है कि एमए स्टेडियम में होने वाले मुख्य समारोह के दिन स्टेडियम में आने वाले लोग अपने साथ कोई भी प्रतिबंधित सामान नहीं लेकर आएं। इसमें कैमरा, हथियार, तेजधार हथियार, पॉलीथिन बैग, महिला पर्स, टिफिन बॉक्स, ट्रांजिस्टर, पैट्रोमेक्स, सिगरेट बॉक्स आदि शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रवेश द्वार पर घुसने से पहले मेटल डिटेक्टर का इस्तेमाल करने वालों का सहयोग करें। यह भी बताया कि स्टेडियम के आसपास सुरक्षा कर्मियों को तैनात कर दिया गया है।
सैन्य शिविरों और स्कूलों के बाहर पहरा: मंडलायुक्त शांतमनु ने अमर उजाला को बताया कि सैन्य शिविरों, सैन्य इलाकों के पास बने स्कूलों, अधिकारियों और उन रास्तों पर सुरक्षा कर्मी तैनात करने के लिए कहा गया, जहां पर आतंकी हमले की आशंका जताई गई है। गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस को साफ तौर पर निर्देश जारी किए गए हैं कि सुरक्षा के लिहाज से हर अहम पहलू पर विचार-विमर्श किया जाए।
शहर में रात की गश्त बढ़ाई: गणतंत्र दिवस को लेकर शहर में रात की गश्त बढ़ा दी गई है। खासकर तवी नदी, स्टेडियम, पॉश इलाकों के बाहर गश्त बढ़ा दी गई है। शहर में नाकों की संख्या बढ़ाई गई है। रात के समय हर जगह जांच की जा रही है। शहर को जोड़ने वाले ग्रामीण इलाकों में भी नाकों की संख्या दुगनी कर दी गई है। जबकि इन क्षेत्रों से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।