आरएस पुरा। सीमावर्ती गांव सई में जमीनी स्तर पर पुलिस-पब्लिक संबंधों, दक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही को बेहतर बनाने तथा नागरिकों के साथ विश्वास और तालमेल विकसित करने के लिए पंचायत घर साई खुर्द में पुलिस-पब्लिक मीट का आयोजन किया गया। मीट एसपी हेडक्वार्टर इरशाद हुसैन राथर की अध्यक्षता में की गई। इसमें थाना प्रभारी अरनिया इंस्पेक्टर दिलावर कुमार, आईसी बीपीपी साई, एएसआई अजीत राज सहित पुलिस अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने कहा, पाकिस्तान से अधिकतर गांव सटे होने पर पुलिस को लोगों की दिक्कतों को देखते हुए विशेष ध्यान देना चाहिए। दूसरी ओर क्षेत्र में दिन व दिन बढ़ रहे नशे और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की गई।
एसपी हेडक्वार्टर इरशाद हुसैन राथर ने लोगों को आश्वासन दिया कि पुलिस से संबंधित मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। नागरिक प्रशासन से संबंधित मुद्दों को शीघ्र निपटान के लिए संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने कहा, यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास है और वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए ड्रोन गतिविधि/सुरंगें एक बड़ी चुनौती हैं और लोगों को ऐसे प्रयासों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है। क्षेत्र में नशा तस्करों और अन्य आपराधिक तत्वों की सूचना तुरंत संबंधित पुलिस चौकी में दें। उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही कहा कि लोग अपने वाहन नाबालिगों या अज्ञात व्यक्तियों को न दें। वाहन चलाते समय हमेशा सीट बेल्ट का प्रयोग करें।