Jammu Kashmir: गुपकार गठबंधन 12 और भाजपा छह जिलों में बना सकती है डीडीसी अध्यक्ष, ये है सियासी समीकरण
जम्मू-कश्मीर के बीस में से 14 जिलों में गैर भाजपा के डीडीसी अध्यक्ष हो सकते हैं। बारह जिलों में गुपकार गठबंधन डीडीसी अध्यक्ष बनाने का दावा कर रहा है। गठबंधन से हाल ही में अलग हुई पीपुल्स कांफ्रेंस तथा कांग्रेस एक-एक जिले में अध्यक्ष बना सकती हैं। भगवा ब्रिगेड का छह जिलों में डीडीसी अध्यक्ष पद पर कब्जा हो सकता है। कश्मीर में अल्ताफ बुखारी के नेतृत्व वाली जम्मू- कश्मीर अपनी पार्टी भी निर्दलीय सदस्यों के जरिये अध्यक्ष बनाने की कोशिश कर रही है। जम्मू संभाग में भी गुपकार गठबंधन की सेंधमारी है। पुंछ जिले में कांग्रेस को मौका मिल सकता है।
नेकां ने कांग्रेस को समर्थन देने का फैसला किया
यहां नेशनल कांफ्रेंस(नेकां) और कांग्रेस के बीच बनी सहमति में नेकां ने कांग्रेस को समर्थन देने का फैसला किया है। नेकां का किश्तवाड़, रामबन और राजोरी में अध्यक्ष बनना तय है। रियासी में भाजपा की पूर्व मंत्री अल्ताफ बुखारी की अपनी पार्टी के सहयोग से ताजपोशी हो सकती है। अध्यक्ष पद के लिए रोस्टर जारी होने के बाद सियासी गतिविधियां जम्मू और श्रीनगर दोनों जगह काफी तेज हो गई हैं। सभी दल रोस्टर के अनुसार योग्य प्रत्याशियों के चयन में जुटे हैं। ज्यादा सरगर्मी कश्मीर में है। यहां पीपुल्स कांफ्रेस के गुपकार गठबंधन से अलग होने के बाद सियासी समीकरण कुछ बदले हुए हैं। अपनी पार्टी से सियासी पार्टियों को ज्यादा खतरा महसूस हो रहा है।
यह भी पढ़ेंः आतंकी के भाई ने कहा- पूरे खानदान का सफाया करवाना है? खिड़की से हथियार फेंकों, कपड़े उतारकर बाहर आओ
दल विरोधी कानून लागू नहीं, इस वजह से ज्यादा खतरा
कारण बताया जा रहा है कि जिन जिलों में निर्दलियों की संख्या अधिक है और जहां गुपकार गठबंधन को एक या दो सदस्यों की अध्यक्ष बनाने के लिए जरूरत है वहां गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में नेकां और पीडीपी की ओर से सदस्यों को पाले में रखने के जतन किए जा रहे हैं। चूंकि, दल विरोधी कानून लागू नहीं है, इस वजह से ज्यादा खतरा बताया जा रहा है। नेकां, भाजपा की ओर से प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही नाम की घोषणा होगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना ने बताया कि प्रत्याशियों की घोषणा अगले कुछ दिनों में की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः महबूबा ने अलापा पाकिस्तान का राग, किसान आंदोलन पर बोलीं- कुछ गुंडों को लाल किले तक पहुंचाकर...