{"_id":"60131b4d8ebc3ef7c65807a2","slug":"jammu-kashmir-news-colleges-and-universities-will-open-in-february","type":"story","status":"publish","title_hn":"जम्मू-कश्मीरः ग्यारह माह से बंद कॉलेज और विश्वविद्यालय फरवरी में खुलेंगे, कोविड प्रोटोकॉल अनिवार्य","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जम्मू-कश्मीरः ग्यारह माह से बंद कॉलेज और विश्वविद्यालय फरवरी में खुलेंगे, कोविड प्रोटोकॉल अनिवार्य
Fri, 29 Jan 2021 01:45 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Fri, 29 Jan 2021 01:45 AM IST
सार
- समर जोन में एक, विंटर जोन में 15 फरवरी से संस्थान खोलने की अधिसूचना जारी
- विद्यार्थियों, कर्मियों और फैकल्टी के लिए फेस मास्क, सैनिटाइजर किया गया अनिवार्य
विज्ञापन
जम्मू विश्वविद्यालय
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
कोरोना महामारी के चलते मार्च 2020 से बंद कॉलेज और विश्वविद्यालय लगभग ग्यारह माह बाद फरवरी से खुलेंगे। सरकार ने अधिसूचना जारी कर समर जोन के संस्थानों को एक फरवरी जबकि विंटर जोन के शिक्षा संस्थानों को 15 फरवरी से खोलने के आदेश दिए हैं। वर्तमान में संस्थानों में केवल स्टाफ को बुलाया जा रहा है।
विज्ञापन
जम्मू-कश्मीर में महामारी के चलते शिक्षा संस्थानों में 11 मार्च 2020 को कक्षाएं स्थगित करने का पहला आदेश जारी हुआ था। इसके बाद अब पहली बार फरवरी से सामान्य रूप से कक्षाएं लगने जा रही हैं। इससे पूर्व सरकार ने एक फरवरी से स्कूल खोलने की अधिसूचना जारी की थी, जिसमें नौवीं से 12वीं तक की कक्षाएं एक फरवरी से जबकि प्राथमिक कक्षाएं 8 फरवरी से खोलने का आदेश किया गया।
विज्ञापन
उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए जारी की गई हिदायतों में मास्क, सैनिटाइजर और शारीरिक दूरी को अनिवार्य किया गया है। शिक्षा संस्थानों में कोविड गाइडलाइन पालन सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय निकाय, स्वास्थ्य विभाग और कुछ अभिभावकों की सलाहकार समिति का गठन किया जाएगा। कॉलेज और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों, कर्मियों से लेकर फैकल्टी तक सभी के लिए मास्क और सैनिटाइजर अनिवार्य किया गया है।
विज्ञापन
यह भी सुनिश्चित करना होगा कि सैनिटाइजर का समय-समय पर प्रयोग किया जा रहा है। सभी संस्थानों में जगह-जगह पर विद्यार्थियों और स्टाफ के लिए हाथ धोने की सुविधा उपलब्ध करवानी होगी। विद्यार्थियों को परिसर के अंदर एक-दूसरे से 2 मीटर की दूरी का ध्यान रखना होगा।
थर्मल स्क्रीनिंग के बिना अंदर जाने की अनुमति नहीं
उच्च शिक्षा संस्थानों में थर्मल स्क्रीनिंग की सुविधा परिसर के बाहर गेट पर ही उपलब्ध करवानी होगी। किसी को भी कैंपस में बिना स्क्रीनिंग के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। फेस मास्क के बिना भी परिसर के अंदर जाने नहीं दिया जाएगा।
बिना शारीरिक दूरी के गतिविधियां नहीं
यूनिवर्सिटी और कालेज परिसर के अंदर किसी भी ऐसी गतिविधि को आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी जिसमें शारीरिक दूरी का पालन करना मुश्किल हो।
24 घंटे देनी होगी काउंसलिंग सुविधा
सभी कालेजों और यूनिवर्सिटी में इस बात का खास ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं कि वहां पर 24 घंटे के लिए काउंसलिंग सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। विद्यार्थियों और शिक्षकों के सवाल अथवा मुश्किलों का त्वरित समाधान करना होगा।
स्कूलों में भी लौटेगी रौनक
वर्तमान में नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल में स्वैच्छिक रूप से आने की व्यवस्था लागू है। 22 जनवरी को जारी आदेश के अनुसार एक फरवरी को 9वीं से 12वीं की कक्षाएं लगनी शुरू हो जाएंगी। प्राथमिक कक्षाओं का स्टाफ भी एक फरवरी से स्कूल में आएगा लेकिन प्राथमिक कक्षाएं 8 फरवरी से लगनी शुरू होंगी।