जम्मू-कश्मीरः दिनचर्या में शामिल हुआ लॉकडाउन, लोग बोले- बस ये दिक्कत खत्म हो जाए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री की अपील पर शहरवासियों ने धीरे-धीरे लॉकडाउन को अपनी दिनचर्या में शामिल कर लिया है। दिन गुजारने के लिए कई तरीके अपनाए जा रहे हैं। घरों में रहकर खुद के लिए कई मनोरंजन के साधन जुटाए जा रहे हैं। इसमें सोशल मीडिया के साथ अन्य साधनों का सहारा लिया जा रहा है।
इस बीच चौथे दिन शहर में पूरी तरह से लॉकडाउन रहा। लोग जरूरी खरीदारी के लिए घरों से बाहर निकले। तारबंदी के बीच जगह-जगह नाकों पर गैर जरूरी कार्यों के लिए निकले लोगों को पुलिस ने वापस भेजा। कई जगह सख्ती भी दिखाई गई।
लॉकडाउन के बीच लोगों के मनोरंजन का सबसे मुख्य साधन मोबाइल इंटरनेट बना हुआ है। सोशल साइटों पर अपने दोस्तों, सगे संबंधियों को विभिन्न तरह के वीडियो बनाकर भेजे जा रहे हैं। इनमें अधिकांश वीडियो को लॉकडाउन से जोड़कर दिखाया जा रहा कि किस तरह इन परिस्थितियों में किसकी क्या हालत है। इसके अलावा दूसरा मुख्य साधन टीवी बना हुआ है। कोई न्यूज चैनल से जुड़ा है तो कोई सीरियल देख रहा है। बच्चों का ग्रुप कार्टून का फैन बना हुआ है।
उधर, लॉकडाउन के बीच भले ही लोग मोबाइल इंटरनेट से जुड़े हैं, लेकिन उन्हें 4जी इंटरनेट सेवा न चलने का मलाल है। पुरानी मंडी निवासी राजेश गुप्ता ने कहा कि सरकार को ऐसे हालात में तुरंत 4जी इंटरनेट सेवा बहाल कर देनी चाहिए। ये सिर्फ लोगों के मनोरंजन से जुड़ा नहीं है, बल्कि उन हजारों कर्मचारियों को लाभ देगा जिन्हें वर्क फ्रॉम होम करना पड़ रहा है।
2जी इंटरनेट सेवा के चलते घर से काम करना मुश्किल हो रहा है। जानीपुर निवासी राजीव बख्शी ने कहा कि कई स्कूलों ने मोबाइल के माध्यम से बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई शुरू की है, लेकिन टूजी इंटरनेट के चलने से उस स्पीड में काम नहीं हो पाता है।