हाल-ए-कश्मीर: राज्यपाल बोले-सभी को बकरीद की मुबारकबाद, घाटी में जल्द सब होगा सामान्य
- जैसे- जैसे हालात सामान्य होंगे पाबंदियां हटाते जाएंगे
- राज्यपाल ने कहा-जन धन की हानि न हो इसके लिए थोड़ी पाबंदी लगाई
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा कि हमें लोगों को घरों में रखने का शौक नहीं है। हम केवल यह चाहते हैं कि कोई ऐसी घटना न हो जिससे जनधन की हानि हो। उन्हें बचाने के लिए हमने थोड़ी पाबंदी लगाई है। जैसे-जैसे हालात सामान्य होते जाएंगे पाबंदियां हटाते जाएंगे। वह चाहते हैं कि राजी खुशी बकरीद हो जाए। सभी को बकरीद की मुबारकबाद है। सभी लोग शांति से त्योहार मनाएं। सभी लोग अपने राज्य के लिए दुआएं करें। भरोसा दिलाया कि लोग धूमधाम के साथ बकरीद मना पाएंगे। ईद को लेकर प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं।
शनिवार को एक चैनल पर प्रसारित बातचीत में उन्होंने कहा कि यहां लोगों को कोई दिक्कत नहीं हो रही है। बैंक और एटीएम खुले हुए हैं। जितना कश्मीर आज खुला है, कल उससे ज्यादा खुलेगा। 15 अगस्त को लेकर तैयारी चल रही है। हम बच्चों को अहसास कराएंगे कि कश्मीर तुम्हारा है। पाकिस्तान की बौखलाहट पर कहा कि हमारी तैयारी उनकी बौखलाहट से ज्यादा है। जरा सा भी उसने हिमाकत की तो भुगतना होगा। पाकिस्तान आतंकियों को धकेलने की कोशिश कर रहा है, लेकिन वह घुसपैठ नहीं करा पा रहा है। यदि घुसपैठ हो भी गई तो कुछ ही किलोमीटर के दायरे में उसे मार गिराया जा रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि यहां तो इतने गैरजिम्मेदार नेता हैं कि उन्होंने कह दिया था जो अनुच्छेद 370 को छुएगा उसका हाथ ही नहीं बल्कि पूरा शरीर जल जाएगा। पिछले 70 सालों में यहां के नेताओं ने लोगों को धोखा दिया है, झूठ बोला है और उनको भड़काते रहे हैं। कभी उन्हें यह नहीं बताया कि यह चीज तुम्हारे हक में है, लेकिन वह उन बातों में नहीं जाना चाहते। फंसे लोगों के लिए लंगर लगाए गए हैं। ईद के लिए हमने ढाई लाख जानवरों की मंडी लगवाई है जिसमें लोग खरीदारी कर रहे हैं। दो महीने का राशन स्टॉक में है।
कश्मीर का ऐसा विकास करेंगे कि पूरा देश देखेगा
मलिक ने आगे कहा, 370 खत्म करना आतंकियों के लिए मैसेज है पाकिस्तान को लेकर भारत की पूरी तैयारी है। पिछले 70 सालों से यहां के नेताओं ने लोगो को धोखा दिया है। 370 खत्म होने के बाद अब यहां के लड़कों के लिए नौकरी के अवसर होंगे। यहां जरा भी नकारात्मक एक्टिविटी हुई तो मैं ये संदेश आतंकियों को देना चाहता हूं कि हमने 370 खत्म किया है वो तुम्हारे लिए किया है। इस बार तुम्हारे खत्म होने तक लड़ाई करेंगे। तुम सिपाहियों को मारते रहो, हम उन्हें श्रद्धांजलि देते रहें ये अब नहीं होगा। अब आतंकियों को निपटा कर कश्मीर को बिल्कुल क्लीन करेंगे, फिर कश्मीर का ऐसा विकास करेंगे कि पूरा देश देखेगा कि कश्मीर कैसे बदल गया है। हम यहां के युवाओं के लिए प्रयास कर रहे हैं कि उन्हें कैसे नौकरी मिल सकती है। बच्चों को यह एहसास करा देंगे कि तुम यहां के हो यहां के लिए आगे बढ़ो।
स्थिति सामान्य होते ही इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी
जम्मू-कश्मीर में ठप पड़ी इंटरनेट सेवाओं को लेकर उन्होंने कहा, इंटरनेट इसलिए बंद है ताकि शरारती तत्व इसका गलत इस्तेमाल न करें। मैं भी बहुत लोगों से बात नहीं कर पा रहा हूं। कुछ एहतियात इसलिए बरत रहे हैं कि जो लोग शरारती हैं, वो इसका गलत इस्तेमाल न करें। वो भीड़ इकट्ठी न करें, अफवाहें न फैलाएं। लोगों से ये न कहें वहां जाइये, पत्थर मारिये, आग लगाइए। सब सामान्य है। जैसे आज हो रहा है कल और होगा। उसके बाद हम इंटरनेट सेवाएं खोल देंगे। मैं कल बाहर गया था, लोग बाहर निकल रहे हैं। कल शायद इससे भी ज्यादा लोग बाहर निकलें, चीजें सामान्य हो जाएं इसके फौरन बाद हम सब सामान्य कर देंगे।
पिछले पांच दिन में हमने एक भी गोली नहीं चलाई: आईजीपी
कश्मीर के आईजी पुलिस एसपी पाणि ने शनिवार को कहा है कि पिछले पांच दिन में हमने एक भी गोली नहीं चलाई है। इस दौरान कुछ अंतरराष्ट्रीय मीडिया में इस तरह की खबरें चल रही हैं कि पुलिस ने घाटी में फायरिंग की है। जो पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं।