जम्मू-कश्मीर: एमए स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल, गणतंत्र दिवस पर अलर्ट, रोशनी से जगमगा उठा लाल चौक
गणतंत्र दिवस पर होने वाले कार्यक्रम जम्मू के एमए स्टेडियम में होंगे। इसकी सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद की गई है। इसके लिए तवी नदी के किनारे सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इससे पहले कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुख्य समारोह के लिए फुलड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। इसमें कदम-कदम मिलाए जा... की धुनों पर जवानों ने मार्च पास्ट कर जोश दिखाया।
मार्च पास्ट में सेना, सीआरपीएफ, जेकेपी, एसएसबी, एनसीसी कैडेट, स्कूली छात्रों सहित अन्य टुकड़ियां शामिल हुईं। मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार ने परेड का निरीक्षण करते हुए सलामी ली। जम्मू कश्मीर कला संस्कृति एवं भाषा अकादमी की ओर से स्कूली बच्चों और कलाकारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत विषय पर रंगारंग व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में जम्मू कश्मीर की समग्र संस्कृति, समाज के कमजोर वर्गों की सामाजिक और आर्थिक मुक्ति के लिए सरकार की पहल को दर्शाया गया। इसमें देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियां, लोक संगीत और नृत्य शामिल रहे। जम्मू कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल के एथलीटों ने जिमनास्टिक का शानदार प्रदर्शन किया। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह, उपायुक्त जम्मू अवनी लवासा आदि मौजूद रहे।
एमए स्टेडियम चौतरफा सुरक्षा घेरे में
गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर एमए स्टेडियम के चारो तरफ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। वहीं, गणतंत्र दिवस के दिन आसपास के इलाकों में यातायात वर्जित कर दिया गया है। इसके लिए यातायात पुलिस ने एडवाइजरी भी जारी कर दी है। गौरतलब है कि राजोरी नरसंहार, नरवाल में डबल धमाका और इस समय खराब मौसम से सुरक्षा व्यवस्था बड़ी चुनौती है।
सबसे अहम है कि राजोरी और नरवाल की घटनाओं को अंजाम देने वाले अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। जानकारी के अनुसार एमए स्टेडियम के चारों तरफ पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है, जबकि एमए स्टेडियम के साथ लगती तवी नदी के किनारे भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा स्टेडियम के प्रवेश द्वार को भी सील कर दिया गया है।
26 को इस तरह रहेगी पार्किंग की व्यवस्था
जिन लोगों के पास प्रवेश पास होगा, उनके लिए जम्मू क्लब, कबड्डी मैदान एमए स्टेडियम, पीर बाबा मैदान जीजीएम साइंस कालेज, हाॅकी मैदान जीजीएम साइंस कालेज, क्रिकेट मैदान जीजीएम साइंस कालेज, काॅमर्स कालेज, जेडीए पार्किंग समाधियां रोड, गुरुद्वारा बीबी चांद कौर पार्किंग, अभिनव थियेटर, कन्वेंशन सेंटर, बस स्टैंड न्यू जेडीए पार्किंग, बिक्रम चौक में पार्किंग की व्यवस्था होगी। गणतंत्र समारोह परेड में शामिल होने वालों के लिए जीजीएम साइंस कालेज में पार्किंग रहेगी। सेना, अर्धसैनिक वाहनों की पार्किंग पुराने यूनिवर्सिटी मैदान में होगी। एस्कार्ट वाहनों की पार्किंग ड्राई फ्रूट मंडी पार्किंग ज्यूल और जेडीए पार्किंग ज्यूल चौक होगी। सामान्य नागरिकों की पार्किंग वेयर हाउस, जेडीए जमीन भगवती नगर, जेडीए ज्यूल में होगी।
इन जगहों पर यातायात वर्जित
बिक्रम चौक, कनाल हेड, विवेकानंद चौक, इंदिरा चौक और शकुंतला क्राॅसिंग कट ऑफ प्वाइंट पर वाहनों की मूवमेंट नहीं होगी, जबकि फ्लाईओवर, तवी पुल, डोगरा चौक से जेेपी चौक, विनायक बाजार और भगत सिंह चौक से ज्यूल चौक तक वाहनों की मूवमेंट वर्जित रहेगी।