Prophet Remarks Row: कर्फ्यू की पाबंदियों के बीच भद्रवाह में चार घंटे की ढील, डोडा और किश्तवाड़ में इंटरनेट सेवा बहाल
भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा की पैगंबर मोहम्मद को लेकर दिए बयान और उसके बाद सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक उन्माद भड़काने वाले वीडियो वायरल होने पर नौ जून को कर्फ्यू लगाया गया था। प्रशासन और पुलिस के आला अफसर लगातार हालात की समीक्षा कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तनावपूर्ण माहौल के चलते डोडा जिले के भद्रवाह में लगाई गई कर्फ्यू की पाबंदियों में शुक्रवार चार घंटे की ढील दी गई। जुमे की नमाज के बाद माहौल शांतिपूर्ण रहने पर प्रशासन ने दोपहर तीन से शाम सात बजे तक कर्फ्यू में ढील दी। इस दौरान भद्रवाह कस्बे में रौनक लौट आई। लोगों ने रोजमर्रा जरूरत का सामान खरीदा। वहीं, डोडा जिले के अन्य इलाकों में भी शांति बनी रही, जिससे हालात अब तेजी से सामान्य होते नजर आ रहे हैं।
वीडियो वायरल होने पर नौ जून को कर्फ्यू लगाया गया था
भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा की पैगंबर मोहम्मद को लेकर दिए बयान और उसके बाद सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक उन्माद भड़काने वाले वीडियो वायरल होने पर नौ जून को कर्फ्यू लगाया गया था। प्रशासन और पुलिस के आला अफसर लगातार हालात की समीक्षा कर रहे हैं।
ढील के दौरान कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई
इससे पूर्व वीरवार को भी भद्रवाह कस्बे में सुबह नौ से दोपहर बारह बजे और फिर तीन से शाम पांच बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई थी। ढील के दौरान कहीं से भी कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को जुमे की नमाज के चलते हालात की समीक्षा की गई।
डोडा और किश्तवाड़ में इंटरनेट सेवा बहाल
डोडा और किश्तवाड़ में जिले में जुमे की नमाज शांतिपूर्वक हो जाने के बाद प्रशासन ने शुक्रवार को इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई है। फिलहाल लोगों को ब्रॉडबैंड की सुविधा दी गई है। साथ ही जिओ का मोबाइल इंटरनेट भी शुरू कर दिया है। बाकी सुविधाएं भी जल्द शुरू होने की संभावना है। बीते शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हुए हंगामे के बाद किश्तवाड़ में कर्फ्यू लगा दिया गया था।
लोगों की जरूरत को देखते हुए प्रशासन ने कर्फ्यू में ढील
लोगों की आवाजाही बंद थी और इंटरनेट सेवा को भी बंद कर दिया गया था। लोगों की जरूरत को देखते हुए प्रशासन ने कर्फ्यू में ढील तो पहले ही दे दी थी। लोग अपने काम से बाहर निकल रहे थे। लेकिन, इंटरनेट और सरकारी कामकाज फिलहाल के लिए बंद ही रखे गए थे।
एक गिरफ्तार, नौ हिरासत में
पुलिस ने पिछले एक सप्ताह के दौरान भद्रवाह में तनाव के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। नौ लोग हिरासत में लिए गए हैं। एक आरोपी फरार है, जिसके घर के बाहर पोस्टर भी चिपकाए गए हैं। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें जगह-जगह छापे मार रही हैं। अंजुमन-ए-इस्लामिया ने आरोपियों की धरपकड़ में प्रशासन से पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया है। हालांकि अंजुमन के एक पदाधिकारी ने आरोप लगाया कि कार्रवाई एक मजहब के खिलाफ हो रही है। जिसने तनाव के हालात बनाए, उसे अग्रिम जमानत भी दे दी गई है।
जम्मू में भी कड़ी रही सुरक्षा
जुमे की नमाज के चलते जम्मू के मुस्लिम बहुल इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। पैगंबर मोहम्मद पर की गई टिप्पणी को लेकर पिछले कुछ दिनों में गुज्जर नगर, तालाब खटिकां और भठिंडी में विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। जुमे की नमाज को लेकर मस्जिदों के बाहर शुक्रवार को अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहे, हालांकि इस दौरान किसी तरह के अप्रिय हालात नहीं बने।