पाक की गोलाबारी से कुपवाड़ा में नागरिक की मौत, पुंछ में आतंकी ठिकाना ध्वस्त
- एलओसी से सटे रिहायशी इलाकों को लगातार दूसरे दिन बनाया निशाना
- तंगधार और गुरेज सेक्टर में सेना ने दिया करारा जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के तंगधार सेक्टर में सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी गोलाबारी की। इसमें एक नागरिक की मौत हो गई। सेना की दो जाट तथा 17 बिहार रेजीमेंट की ओर से पाकिस्तान को इसका कड़ा जवाब दिया गया।
पाकिस्तान की ओर से देर शाम तक गोलाबारी जारी रही। दूसरी ओर शाम लगभग साढ़े छह बजे पाकिस्तान ने बांदीपोरा के गुरेज सेक्टर में भी गोलाबारी शुरू कर दी। इस बीच सेना ने आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए पुंछ में आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर दिया। आतंकी ठिकाने से भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है।
तंगधार सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से अग्रिम चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोले दागे गए। इसमें एक नागरिक गोला लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त मोहम्मद सलीम (50) के रूप में हुई है। एसएसपी ने नागरिक की मौत की पुष्टि की है। गोलाबारी से ग्रामीणों में दहशत है।
ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रशासन ने तैयारी कर ली है। प्रशासन का कहना है कि बुलेट प्रूफ वाहनों को तैयार रखा गया है। साथ ही ग्रामीणों के लिए सुरक्षित स्थान भी चिह्नित कर लिए गए हैं। जरूरत पड़ी तो इन्हें शिफ्ट किया जाएगा।
गुरेज में हल्के हथियारों का इस्तेमाल
इस बीच गुरेज सेक्टर में भी पाकिस्तान ने हल्के हथियारों से सैन्य चौकियों को निशाना बनाकर गोलाबारी की। हालांकि यहां किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। रविवार को पाकिस्तान ने तंगधार के अलावा बांदीपोरा जिले में गुरेज तथा पुंछ जिले में बालाकोट व मेंढर सेक्टर में गोलाबारी की थी। इसमें गुरेज सेक्टर में एक जवान घायल हो गया था। मेंढर के गोलद गांव में गोले गिरने से कुछ घरों को नुकसान पहुंचा था।
पुंछ के मंगनाड़ टॉप क्षेत्र में गोला-बारूद बरामद
पुंछ में रोमियो फोर्स, 39 आरआर और पुलिस ने सोमवार को संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान मंगनाड़ टॉप क्षेत्र के मिर्चीगढ़ जंगल में एक आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर दिया। ठिकाने से एके 47 राइफल की एक मैगजीन, 19 गोलियां, चार चाइनीज बैट्री, तीन हैंड ग्रेनेड चाइनीज, छह टिफिन बॉक्स, दो बड़े बैट्री एंटीना और चार थर्मस बरामद किए गए हैं। बरामदगी के बाद थाने में मामला दर्ज करने के साथ ही जब्त किए गए सामान की जांच शुरू कर दी है।