फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Jammu News ›   Jammu Kashmir: 39 killed, 16 injured as bus falls into 300 feet deep gorge

Jammu Kashmir : घाटी में अब तक का सबसे बड़ा सड़क हादसा, 300 फुट गहरी खाई में बस गिरने से 39 की मौत, 16 घायल

Thu, 16 Nov 2023 02:37 PM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू/डोडा
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू/डोडा Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Thu, 16 Nov 2023 02:37 PM IST
सार

घायलों में चार की हालत गंभीर है। हादसा किश्तवाड़-जम्मू हाईवे पर डोडा जिले के अस्सर के पास बुधवार को सुबह उस वक्त हुआ जब किश्तवाड़ से जम्मू आ रही सवारियों से भरी बस 300 फुट नीचे पुराने जम्मू-किश्तवाड़ हाईवे की सड़क पर गिर गई। 

विज्ञापन
Jammu Kashmir: 39 killed, 16 injured as bus falls into 300 feet deep gorge
Doda Accident - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

जम्मू-कश्मीर में अब तक के सबसे बड़े सड़क हादसे में 39 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर है। हादसा किश्तवाड़-जम्मू हाईवे पर डोडा जिले के अस्सर के पास बुधवार को सुबह उस वक्त हुआ जब किश्तवाड़ से जम्मू आ रही सवारियों से भरी बस 300 फुट नीचे पुराने जम्मू-किश्तवाड़ हाईवे की सड़क पर गिर गई। 

विज्ञापन


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने घटना पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवार वालों को दो लाख तथा घायलों को 50 हजार रुपये सहायता देने की घोषणा की है। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवार वालों को पांच लाख तथा घायलों को एक लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इससे पहले 2019 में किश्तवाड़ के संगवारी इलाके में मिनी बस के खाई में गिरने से 35 की मौत व 17 घायल हो गए थे।
विज्ञापन


पुलिस ने बताया कि सुबह सवारियों से भरी बस (नंबर जेके02 सीएन 6555) किश्तवाड़ से जम्मू के लिए चली थी। सुबह 11.50 बजे यह बस अस्सर के त्रंगल पुल के पास पहुंची और वहां एक तीखे मोड़ पर 300 फीट नीचे सड़क पर जा गिरी। जिस वक्त यह हादसा हुआ उसमें 55 यात्री सवार थे। दुर्घटनास्थल पर ही 36 सवारियों की मौत हो गई, जबकि 19 घायलों को स्थानीय निवासियों, पुलिस तथा सेना की मदद से मौके से निकाला गया। इनमें गंभीर रूप से घायल छह लोगों को एयरलिफ्ट कर सरकारी मेडिकल कॉलेज जम्मू व डोडा रेफर किया गया। जम्मू में दो घायलों की मौत हो गई। एक घायल को जम्मू लाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार यह बस जर्जर थी और इसमें क्षमता से अधिक सवारी थे। इसी वजह से यह दुर्घटना हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन


दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तत्काल स्थानीय लोग पहुंच गए। पुलिस, सेना, एसडीआरएफ तथा अर्धसैनिक बलों के जवान भी मौके पर डट गए। तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। बस में फंसे यात्रियों को निकाला गया। घायलों का पास के अस्पताल में इलाज कराया गया। छह गंभीर घायलों में चार को एयरलिफ्ट कर जम्मू लाया गया। मरने वालों में 37 की शिनाख्त हो चुकी है। दो की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। मरने वालों में से तीन बिहार, तीन छत्तीसगढ़, दो उत्तर प्रदेश तथा शेष डोडा, किश्तवाड़,कठुआ, रामबन व जम्मू के थे। मरने वालों में नौ महिलाएं भी शामिल हैं।

भयानक मंजर, बस काटकर निकाले शव
दुर्घटनास्थल पर भयानक मंजर था। चारों ओर हादसे में मारे गए लोगों की लाशें बिखरीं पड़ी थी। खून से पूरा इलाका लाल हो गया था। घायलों की चीख पुकार पूरे इलाके में गूंज रही थी। घायलों की हालत इतनी गंभीर है कि वे घटना के बारे में कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं। 300 फीट नीचे गिरने से बस के परखच्चे उड़ गए थे। कई शवों को बस काटकर निकालना पड़ा। कई शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिनकी पहचान करने में मुश्किलें आ रही थीं।

हादसे में चालक की भी मौत
हादसे में बस चालक व खलासी की भी मौत हो गई। चालक शकील अहमद डोडा का रहने वाला था। बस का मालिक अब्दुल क्यूम बोंजवाह का रहने वाला है। जबकि खलासी रंगील सिंह किश्तवाड़ के पाडर के रहने वाले थे।

 

Trending Videos

तीन सदस्य कमेटी एक सप्ताह में बताएगी कैसे हुआ सड़क हादसा

डोडा जिले के अस्सर में हुए सड़क हादसे की जांच के लिए तीन सदस्य कमेटी बनाई गई है। मंडलायुक्त रमेश कुमार की ओर से गठित कमेटी में एडीसी डोडा डॉ. रवि कुमार भारती, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग डोडा और एआरटीओ डोडा को रखा गया है। कमेटी को एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट देनी होगी। कमेटी सड़क हादसे के कारण का पता लगाएगी जिसमें हादसा कैसा हुआ, किन हालात में हुआ इसकी जानकारी होगी।

सही साइड में नहीं चलाया जा रहा था वाहन
डोडा उपायुक्त हरविंदर सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन ने क्रैश बैरियर को तोड़ा, फिर 300 फीट नीचे जा गिरा। वाहन गलत साइड में चलाया जा रहा था, जिसकी वजह से दुर्घटना हुई। यह भी संभव है कि वाहन सही तरीके से नहीं चलाया जा रहा हो। वाहन के सभी तथ्यों की जांच की जाएगी। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मरने वाले कुछ लोगों की पहचान हो चुकी है और उनके शव परिवार वालों को सौंप दिए गए हैं।

कंट्रोल रूम स्थापित
दुर्घटना में मारे गए तथा घायलों की जानकारी हासिल करने के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। डीसी दफ्तर डोडा (01996233337), जीएमसी डोडा (01996233465), टोल फ्री नंबर 18001807122 व कंट्रोल रूम 9906320997 व 9596776203 पर फोन कर जानकारी ली जा सकती है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेगा।

मृत घोषित छात्र निकला जीवित, जम्मू रेफर, रास्ते में तोड़ा दम

हादसे में किश्तवाड़ के एक छात्र अर्जुन कुमार को मृत घोषित कर दिया गया था, लेकिन जब उसके परिजन डोडा जीएमसी पहुंचे तो देखा कि उसकी सांसें चल रही हैं। उसे तत्काल पंप किया गया, जिससे उसे होश आ गया। बाद में उसे गंभीर रूप से घायलावस्था में जम्मू रेफर किया गया, जिसने जम्मू पहुंचने से पहले नगरोटा में रात नौ बजे दम तोड़ दिया। छात्र जम्मू विश्वविद्यालय में एमए इतिहास कर रहा है और दिवाली की छुट्टियों में घर गया था। दिवाली बिताने के बाद वह जम्मू लौट रहा था।

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में एक बस दुर्घटना में अनेक यात्रियों की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु के समाचार से मुझे बहुत दुख पहुंचा है। मैं शोक संतप्त परिवारीजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
-द्रौपदी मुर्मू, राष्ट्रपति

जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुई बस दुर्घटना बहुत दुखद है। उन परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
- नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री

जम्मू -कश्मीर के डोडा में एक दुखद बस दुर्घटना के कारण बहुमूल्य जिंदगियों के नुकसान के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। स्थानीय प्रशासन बचाव अभियान चला रहा है। मृतकों के परिवार वालों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए कामना करता हूं।
- अमित शाह, गृह मंत्री

डोडा जिले के अस्सर में एक दुखद बस दुर्घटना में लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं और दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित व्यक्तियों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए मंडलायुक्त एवं जिला प्रशासन को निर्देशित किया।- मनोज सिन्हा, उप राज्यपाल

बड़े सड़क हादसे...

  • एक जुलाई 2019: किश्तवाड़ के संगवारी इलाके में मिनी बस के खाई में गिरने से 35 की मौत, 17 घायल
  • 14 सितंबर 2018: किश्तवाड़ के दनदारन इलाके में मिनी बस के खाई में गिरने से 17 की मौत, 16 घायल
  • 27 जून 2009ः डोडा जिले के पुल डोडा में सड़क हादसा, 27 लोगों की मौत
  • 28 अक्तूबर 2021ः डोडा जिले के ठाठरी में सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत
  • 16 नवंबर 2022ः किश्तवाड़ जिले में सड़क हादसे में आठ की मौत
  • 30 मई 2023ः जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर जम्मू जिले के झज्जर कोटली में तीर्थयात्रियों की बस पुल से गिरी, 10 की मौत
  • 15 मार्च 2019ः रामबन में कार फिसलकर खाई में गिरी, 11 की मौत, चार घायल
  • 24 मई 2023: किश्तवाड़ के दच्छन इलाके के दंगदुरु डैम पर वाहन के खाई में गिरने से सात की मौत, तीन घायल
  • 30 अगस्त 2023: कार के 300 फुट गहरी खाई में गिरने से आठ की मौत, तीन घायल
  • 27 जून 2023: डोडा में भद्रवाह-पठानकोट रोड पर वाहन खाई में गिरी, पांच की मौत, 12 घायल
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed