जम्मू-कश्मीर: उधमपुर से रोक-रोक कर घाटी की तरफ भेजे गए ट्रक, श्रीनगर जाने वाले चालकों के साथ अन्य को राहत
जाम के खुलने के बाद पुलिस ने बारी बारी से ट्रकों को घाटी की तरफ रवाना किया। इससे शाम के समय जाम की समस्या से राहत मिली। उधमपुर के साथ ही रामबन में भी कई बार जाम की स्थिति बनी और पुलिस को जाम खुलवाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सोमवार को बारी बारी से ट्रकों को घाटी की तरफ रवाना किया। इस दौरान उधमपुर के कई इलाकों में रोके गए ट्रकों की लंबी कतारें लगी रहीं। इसके साथ ही राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुबह के समय केवल यात्री वाहनों को चलने की अनुमति दी।
इसके बाद सुबह करीब आठ बजे कुछ ट्रकों को घाटी की तरफ रवाना किया गया। सैकड़ों की संख्या में जब ट्रक घाटी के लिए रवाना हुए तो राजमार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। इसके बाद पुलिस ने उधमपुर के जखैनी इलाके से ट्रकों के घाटी की तरफ जाने पर प्रतिबंध लगा दिया।
फिर उधमपुर में रोके गए ट्रकों की लंबी कतार लगने लगी। जाम के खुलने के बाद पुलिस ने बारी बारी से ट्रकों को घाटी की तरफ रवाना किया। इससे शाम के समय जाम की समस्या से राहत मिली। उधमपुर के साथ ही रामबन में भी कई बार जाम की स्थिति बनी और पुलिस को जाम खुलवाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
चिनैनी टनल पर लगी रही वाहनों की कतारें
जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर जाम के चलते आम जनता को भी परेशान होना पड़ा। जाम के कारण यात्री घंटों तक हाईवे सुचारू होने के इंतजार में रहे, जबकि कई वाहन चालकों ने चिनैनी-चंप्याड़ी मार्ग का इस्तेमाल करना उचित समझा और पटनीटाप मार्ग के जरिए अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
रविवार की ही तरह सोमवार को भी चिनैनी टनल से कई किलोमीटर दूर तक दोनों मार्गो पर वाहनों की लाइनें लगी रहीं। जाम में छोटे वाहनों के अलावा यात्री वाहन भी फंसे रहे। हाईवे पर सफर कर रहे श्रीनगर निवासी बिलाल अहमद, जम्मू निवासी कुलदीप सिंह ने बताया कि वह हाईवे पर काफी देर फंसे रहे।
दोनों सड़कें गाड़ियों से पैक हो गई थीं। वह जिस स्थान पर फंसे थे, वहां न खाने का इंतजाम है और न ही पेयजल जिससे गाड़ी में सवार उनका परिवार व खासकर बच्चे इस समस्या से परेशान होते रहे। उन्होंने कहा कि हाईवे पर जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात विभाग को ठोस कदम उठाने चाहिए।