जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग में पुलिस कांस्टेबल की पत्नी और बेटी पर आतंकियों ने बरसाईं गोलियां, अस्पताल में इलाज जारी
इस हमले में मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
विस्तार
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर कोकागुंड वेरीनाग इलाके में आतंकियों ने ईद-उल अजहा से एक दिन पहले मंगलवार की रात पुलिस कर्मी सज्जाद अहमद के घर में घुसकर उसकी पत्नी और बेटी को गोली मार दी।
घायलों को अनंतनाग जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर है। ईद की छुट्टी पर घर आए पुलिस कर्मी के मौके पर न मिलने से उसकी जान बच गई। पुलिस कर्मी सज्जाद जम्मू के गांधीनगर थाने में तैनात बताया जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने हमलावरों की तलाश में पूरे इलाके को घेर लिया है। पुलिस ने घटना के पीछे आतंकी संगठन जैश हाथ बताया है। एक हमलावर की शिनाख्त नाटीपोरा इलाके के मुफ्ती अल्ताफ के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि जम्मू-कश्मीर सशस्त्र पुलिस का जवान सज्जाद अहमद मलिक ईद-उल-अजहा की छुट्टी पर घर आया था हुआ था। मंगलवार देर रात लगभग 9.30 बजे कुछ आतंकी उसके घर में घुस आए और गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
किसी अनहोनी की आशंका भापते ही वह मौके से भाग निकला परंतु उसकी पत्नी नाहिदा (38) और बेटी मधिया (16) घायल हो गईं। दोनों को जीएमसी अनंतनाग में भर्ती कराया गया है।
श्रीनगर में पुलिस वाहन पर आतंकियों ने की फायरिंग
सैदाकदल इलाके में आतंकियों ने पुलिस के एक वाहन पर फायरिंग कर दी। हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन आतंकियों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 5.30 बजे जम्मू-कश्मीर पुलिस की गाड़ी रैनावारी पुलिस थाने के अंतर्गत सैदाकदल इलाके से गुजर रही थी। इस दौरान आतंकियों ने फायरिंग कर दी। वारदात के बाद आतंकी फरार हो गए। हमले के बाद आसपास अफरा तफरी मच गई।
सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। उधर, पुलिस द्वारा इस हमले की पुष्टि नहीं की गई। इस संबंध में जब एसएसपी श्रीनगर संदीप चौधरी से बात करने की कोशिश की गई तो संपर्क नहीं हो पाया।