श्रीनगर में पुलिस चौकी पर आतंकियों का हमला, दो पुलिसकर्मी घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आतंकियों ने शहर के छानपोरा पुलिस चौकी पर शुक्रवार की रात हमला किया। अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई के बाद आतंकी भाग निकले। पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आतंकी संगठन अल उमर मुजाहिदीन ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
शुक्रवार की रात छानपोरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा। आतंकियों ने पुलिस चौकी पर हमला करते हुए अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। गेट पर तैनात संतरी के साथ थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई करते फायरिंग खोला तो कुछ देर बाद आतंकी वहां से भाग निकले। पुलिस का कहना है कि आतंकियों की ओर से की गई फायरिंग में कांस्टेबल फिरोज अहमद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए सेना के 92 बेस अस्पताल भेजा गया है। पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली गई है। साथ ही तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है। हालांकि, सूत्रों ने बताया कि दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
इस बीच आतंकी संगठन अल उमर मुजाहिदीन ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि कम से कम चार पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया गया है। संगठन के आतंकी घटना को अंजाम देने के बाद सकुशल लौट आए हैं।
सुरक्षा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाई
घटना के बाद जगह-जगह नाके लगाकर वाहनों की तलाशी शुरू कर दी गई। हर आने जाने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। इस बीच सभी सुरक्षा प्रतिष्ठानों तथा प्रमुख स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ज्ञात हो कि मार्च महीने में आतंकियों ने पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले को निशाना बनाया था, जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। इसके साथ ही बनिहाल के पास भी कानवाय को कार बम से निशाना बनाने की कोशिश की गई थी, लेकिन कोई नुकसान नहीं हुआ था।
फारूक के निकलने के कुछ ही देर बाद हमला
सूत्रों का कहना है कि जिस जगह पुलिस पोस्ट है उससे लगभग 20 मीटर की दूरी पर टाइल्स का एक शोरूम है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला वहां किसी काम से गए थे। उनके निकलने के आधे घंटे बाद ही यह हमला हुआ। फारूक के दौरे को देखते हुए वहां सुरक्षा के पहले से ही कड़े प्रबंध किए गए थे।