जम्मू-कश्मीर : आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच पुलवामा में मुठभेड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ की खबर है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार यह मुठभेड़ पुलवामा के कस्बा यार इलाके में शुरू हुई है। 
कुछ ही दिन पहले सुरक्षाबलों ने श्रीनगर में रामबाग फ्लाईओवर के नीचे एक कार में जा रहे लश्कर-ए-ताइबा के सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के टॉप कमांडर मेहरान यासीन शल्ला व उसके दो साथियों को घेर कर मार गिराया था। मेहरान श्रीनगर के ईदगाह इलाके में स्कूल में घुसकर की गई शिक्षक व महिला सिख प्रिंसिपल की हत्या में शामिल था। उसके साथ मारे गए दो अन्य आतंकियों की शिनाख्त अराफात शेख व मंजूर अहमद मीर दोनों पुलवामा निवासी के रूप में की गई है।
आईजी कश्मीर विजय कुमार के अनुसार, सूचना मिली थी कि तीन आतंकी एक कार में सवार होकर जहांगीर चौक से एयरपोर्ट मार्ग की ओर जाने वाले हैं। इसकी सूचना मिलने के बाद सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष दल ने रामबाग फ्लाई ओवर के नीचे पोजीशन ले ली थी।
लगभग 4.50 पर एक वैगनआर कार में तीन संदिग्ध जाते हुए दिखे। सुरक्षाबलों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। परंतु सतर्क सुरक्षाबलों ने व्यस्त इलाके में संयम बरतते हुए संक्षिप्त मुठभेड़ में तीनों को मार गिराया।
बीते महीने हुई थीं पांच मुठभेड़
नवंबर माह में सुरक्षाबलों ने पांच मुठभेड़ों में 12 आतंकियों को मार गिराया था। 11 नवंबर को कुलगाम में टीआरएफ के दो, 15 नवंबर को श्रीनगर के हैदरपोरा में दो,17 नवंबर को कुलगाम में एक टीआरएफ कमांडर समेत पांच व श्रीनगर के रामबाग में तीन आतंकी मारे गए हैं।
इस साल अब तक 148 आतंकी ढेर, कई कमांडर भी मारे गए
इस वर्ष घाटी में हुए विभिन्न ऑपरेशनों के दौरान अभी तक 148 आतंकियों को मार गिराने में सफ लता हाथ लगी है। इनमें विभिन्न संगठनों के कई कमांडर भी हैं। लश्कर, जैश, हिजबुल, टीआरएफ समेत सभी संगठनों को भारी नुकसान पहुंचा है।