जम्मू में पुलवामा दोहराने की फिराक में जैश ए मोहम्मद, जम्मू संभाग में अलर्ट जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू संभाग में नगरोटा के पास नेशनल हाईवे पर आतंकी घटना को अंजाम देने की कोशिश नाकाम होने के बाद फिर ऐसी ही साजिश जैश ए मोहम्मद ने रची है। अगले तीन चार दिन में जैश ए मोहम्मद ठीक उसी तरह कार के जरिए सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की फिराक में है, जिस तरह 2019 में पुलवामा में हमला हुआ था।
खुफिया एजेंसियों के पास इसके इनपुट पहुंचे हैं। इसके बाद जम्मू जोन में अलर्ट किया गया है। दरअसल, नगरोटा में आईईडी के जरिए हमला करने की प्लानिंग फेल होने से पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई बौखलाई है। इसलिए वह जैश पर हमला करने का दबाव बना रही है।
सूत्रों का कहना है कि जैश ए मोहम्मद के आतंकी जम्मू संभाग में कहीं भी फिदायीन के जरिए कार में ही सवार होकर सुरक्षाबलों के वाहन को निशाना बना सकते हैं। इसके लिए जैश ए मोहम्मद के आतंकी कश्मीर से ही जम्मू की तरफ आ सकते हैं। इस इनपुट के बाद तमाम सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। सुरक्षाबलों को अधिक एहतियात बरतने के लिए कहा गया है।
जैश पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ने बनाया दबाव
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही नगरोटा के पास जैश आतंकियों ने आईईडी लगा रखी थी। यह आईईडी बहुत ही शक्तिशाली थी। इस हमले के नाकाम होने और आतंकियों के मारे जाने से आतंकी संगठन जैश पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने दबाव बनाया है।
आईएसआई की ओर से जैश को लगातार इस तरह का हमला करने के लिए कहा जा रहा है। ऐसे में इस हमले से निपटना बड़ी चुनौती बन चुका है। पुलवामा हमले के बाद लगातार इस तरह की साजिशें हो चुकी हैं। अब इस इनपुट के आने के बाद और अधिक सतर्कता बढ़ा दी गई है।