विंग कमांडर अभिनंदन का हुआ तबादला, सुरक्षा कारणों का दिया हवाला
भारतीय वायुसेना ने विंग कमांडर अभिनंदन वर्थमान का श्रीनगर एयर बेस से तबादला कर दिया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक इसके पीछे अभिनंदन की सुरक्षा का हवाला दिया जा रहा है।
वायुसेना ने सुरक्षा कारणों से विंग कमांडर अभिनंदन का कश्मीर से बाहर तबादला कर दिया है। वह श्रीनगर एयरबेस पर तैनात थे। उन्हें पाकिस्तानी सीमा से लगते पश्चिमी सेक्टर के अहम एयरबेस पर तैनाती दी जाएगी। सूत्रों ने बताया कि विंग कमांडर की तैनाती का आदेश जारी कर दिया गया है और वह जल्द ही श्रीनगर एयरबेस से अपनी नई तैनाती की जगह जाएंगे।
उनकी नई तैनाती भी फाइटर बेस की है और यदि उन्हें विमान उड़ाने की अनुमति मिलती है तो वह उड़ान भर सकेंगे। सूत्रों का कहना है कि कश्मीर घाटी में पाकिस्तानी आतंकवादियों और उनके मददगारों की मौजूदगी के चलते अभिनंदन की जान को खतरा था।
मिल सकता है वीर चक्र, वायु सेना ने की सिफारिश
वायुसेना ने विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान के लिए युद्धकालीन वीरता पुरस्कार ‘वीर चक्र’ की सिफारिश की है। 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में वायुसेना के एयर स्ट्राइक के अगले दिन हमला करने आए पाकिस्तानी विमानों को खदेड़ते हुए अभिनंदन ने पाक के एक एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था।
एयर स्ट्राइक में शामिल रहे 12 मिराज-2000 लड़ाकू विमानों के पायलटों की बहादुरी के लिए वायुसेना मेडल की सिफारिश की गई है। यह जानकारी सरकारी सूत्रों ने दी। वीर चक्र युद्ध के समय वीरता के लिए सेना में दिया जाने वाला परम वीर चक्र और महावीर चक्र के बाद तीसरा सर्वोच्च सम्मान है।