एक बार फिर आतंकियों ने की जम्मू-कश्मीर को दहलाने की नापाक कोशिश, अनंतनाग में आईईडी बरामद
आतंकियों ने एक बार फिर जम्मू-कश्मीर को दहलाने की नापाक कोशिश की। आर्मी की रोड ओपनिंग पार्टी ने अनंतनाग में होईवे पर दो संदिग्ध बैग मिले। जिसमें से करीब तीस किलो आईईडी बरामद हुई। सेना का बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। इस घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात काफी देर बाधित रहा। हाईवे व आसपास के इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रमुख स्थानों और सुरक्षा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जगह-जगह नाके लगाकर चेकिंग की गई।
इससे पहले आर्मी की रोड ओपनिंग पार्टी ने राजोरी में मंगलवार को आईईडी बरामद की थी। मई महीने में भी इसी जगह आतंकियों ने आईईडी प्लांट लिया था। जिसे सेना ने बरामद करने के बाद नष्ट कर दिया था।
वहीं 17 नवंबर को एलओसी पर पलांवाला सेक्टर में जीरो लाइन पर फेंसिंग के बिल्कुल पास पाकिस्तान की ओर से आईईडी प्लांट की गई थी। इसकी जद में आए भारतीय सेना के वाहन में सवार एक जवान शहीद हो गया। दो अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट में सेना का वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कुकर में पांच किलो का आईईडी प्लांट कर रखा था
वहीं 15 नवंबर को जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर आतंकियों ने आईईडी प्लांट की थी। हाईवे पर पांपोर के पास आतंकियों ने प्रेशर कुकर में पांच किलो का आईईडी प्लांट कर रखा था। जिसे समय रहते बरामद कर लिया गया था। पुराने श्रीनगर-जम्मू हाईवे पर पांपोर के ईडीआई भवन के बाहर रोड ओपनिंग पार्टी (आरओपी) ने सड़क किनारे प्रेशर कुकर पड़ा देखा। इसके तुरंत बाद सुरक्षा बल हरकत में आ गए। बाद में की गई जांच में पाया गया कि आतंकियों ने प्रेशर कुकर में पांच किलो का आईईडी प्लांट कर रखा था।