चुनाव 2024: कश्मीर वासियों से बोले शाह- किसी भी पार्टी को करें समर्थन, पर कांग्रेस-नेकां-पीडीपी को वोट न देना
अमित शाह ने कश्मीर के लोगों से अपील करते हुए कि वे इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां), पीडीपी को वोट न दें। इनके बजाय किसी भी अन्य पार्टी को वोट दें।
विस्तार
गृह मंत्री अमित शाह ने कश्मीर के लोगों से अपील करते हुए कि वे इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां), पीडीपी को वोट न दें। इनके बजाय किसी भी अन्य पार्टी को वोट दें। शाह ने तीनों पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों ने लंबे समय तक प्रदेश के लोगों का शोषण किया। मंगलवार को जम्मू के पलौड़ा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने ये बातें कहीं।
उन्होंने आगे कहा, 'कुछ लोग अफवाह फैलाते हैं कि भाजपा कश्मीर में लोगों की जमानें छीनना चाहती हैं, लेकिन इसके विपरित भाजपा लोगों का दिल जीतने में विश्वास रखती है। घाटी में भाजपा को कोई जल्दी नहीं है। वह जानती है कि घाटी में 'कमल' (पार्टी का चुनाव चिह्न) अपने आप खिलेगा। पीएम मोदी ने न केवल फर्जी मुठभेड़ों पर पूर्ण विराम लगाया है, बल्कि आतंकवाद पर भी मुहर लगाई है।'
शाह ने कहा कि कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी की घाटी में फर्जी मुठभेड़ों और युवाओं पर गोलीबारी की घटनाओं के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के बाद आतंकवाद, पथराव और पाकिस्तान प्रायोजित हमलों को खत्म करके शांति बहाल की और विकास सुनिश्चित किया।
उन्होंने कहा कि इन तीन दलों ने जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र को विकसित नहीं होने दिया। सुरक्षा के बहाने कश्मीरी युवाओं का शोषण किया गया। कहा, 'मैं (नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष) फारूक अब्दुल्ला और पीडीपी से पूछना चाहता हूं कि किसके शासन में सबसे ज्यादा फर्जी एनकाउंटर हुए? और कश्मीर के बच्चों पर गोली किसने चलाई, उनके हाथों में बंदूकें थमाईं?'
मोदीजी ने जम्मू-कश्मीर में शांति बहाल की और क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त किया। पिछले 70 वर्षों से आतंकवाद और आंदोलनों के कारण जम्मू-कश्मीर पिछड़ेपन में चला गया। मोदी ने आतंकवाद, पथराव और अलगाववाद को खत्म करने में मदद की और जम्मू-कश्मीर में विकास का मार्ग प्रशस्त किया।'