परगवाल। गांव गुढा मन्हांसा में मंगलवार को बीएसएफ की 92वीं वाहिनी ने निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कमांडेंट संजय चौहान की देखरेख में आयोजित इस शिविर में भाजपा नेता व पूर्व विधायक डॉ. कृष्ण लाल भगत भी शामिल रहे। शिविर में सीमा सुरक्षा बल के डॉक्टरों समेत सिविल डॉक्टरों ने करीब 487 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। उन्हें दवाइयां भी उपलब्ध कराई।
चिकित्सकों ने बताया कि इस समय मौसम बदल रहा है। कभी गर्मी महसूस होती है तो कभी ठंडी हवा चलने लगती है। ऐसे में पूरी सावधानी बरतें और मौसम के अनुसार अपने खानपान रहन सहन में सहजता रखें। कमांडेंट ने कहा कि सीमा सुरक्षा बल देश की सरहदों की रक्षा के साथ-साथ सरहद पर रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य के प्रति भी हमेशा सजग रहती है। इस मौके पर बीडीसी चेयरमैन निशा कुमारी, सरपंच जसपाल सिंह, ओम प्रकाश, सुभाष सिंह, कुलदीप सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। संवाद