जम्मू-कश्मीरः स्टेशन पर भिड़े जीआरपी-कर्मी, कई राउंड फायरिंग, लोगों ने जताई आतंकी हमला की आशंका
जम्मू कश्मीर के उधमपुर में संगढ़ रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह जीआरपी कर्मी के तीन राउंड हवाई फायरिंग करने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इसके बाद जीआरपी कर्मी को हिरासत में ले लिया गया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उधमपुर के मनवाल इलाके में मौजूद संगढ़ रेलवे स्टेशन पर उस वक्त दहशत फैल गई जब एक रेलवे पुलिसकर्मी ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मी खुशविंदर सिंह की साथी पुलिसकर्मी से तीखी नोकझोंक और हाथापाई हो गई। इसके बाद उसने अपनी सर्विस राइफल से तीन राउंड हवाई फायरिंग की। मामले के तुरंत बाद सुखविंदर को हिरासत में ले लिया गया है। साथ ही इस मामले में मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है।
फायरिंग से आतंकी हमला होने की हुई आशंका
रेलवे स्टेशन पर सुबह-सुबह हुई फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में आतंकी हमला होने की दहशत फैल गई। गोली चलने की सूचना पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। इससे लोग घरों में दुबक गए। इसके बाद प्रशासन ने इस मामले को संज्ञान में लेकर लोगों को समझाया। साथ ही ऐसा दोबारा न हो इसलिए आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया है।