गुलाम नबी के 'आजाद' बोल: राजनीतिक दलों की देन हैं 90 फीसदी बुराइयां, गांधीवादियों की तरह सिकुड़ गई कांग्रेस
जम्मू के गार्डन एस्टेट में आयोजित कार्यक्रम में गुलाम नबी आजाद ने कहा कि समाज में 90 फीसदी बुराइयों के लिए राजनीतिक दल जिम्मेदार हैं। मैं कांग्रेस पार्टी के नेता के तौर पर नहीं बल्कि एक इंसान के तौर पर जम्मू की सिविल सोसायटी को संबोधित कर रहा हूं।
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि समाज में 90 फीसदी बुराइयों के लिए राजनीतिक दल जिम्मेदार हैं। धर्म, क्षेत्र, जाति, गांव, शहर के नाम पर लोगों को बांटकर इंसान को इंसान तक नहीं रहने दिया गया है। जम्मू बार एसोसिएशन व सिविल सोसायटी की तरफ से जम्मू के गार्डन एस्टेट में रविवार को आजाद को पदम भूषण मिलने के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि हिंदू, मुसलमान, दलित, गैर दलित के राजनीतिक नारों में इंसान कहीं खोकर रह गया है। विश्व में भी माहौल कुछ ज्यादा ठीक नहीं है। रूस व यूक्रेन युद्ध भी इसकी ताजा मिसाल है। आजाद ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के नेता के तौर पर नहीं, एक इंसान के तौर पर जम्मू की सिविल सोसायटी को संबोधित कर रहे हैं और चाहते हैं कि राजनीतिक दल चाहे जो भी करे, सिविल सोसायटी इंसान को इंसान रहने देने के लिए अपनी भूमिका को अदा करे। उन्होंने कहा कि देश में दिल्ली के बाद दूसरा सर्वदेशीय शहर जम्मू है।
गुलाम नबी आजाद ने कहा कि देश में चालीस साल पहले जिस तरह से हर तरफ गांधीवादी लोग दिखते थे, लेकिन अब गांधीवादियों की तरह कांग्रेस भी सिकुड़ गई है। उन्होंने कहा, कांग्रेस में उन्हें 47 साल हो गए हैं और हर कोई यही जानता है कि वह शुरू से ही कांग्रेस में हैं, लेकिन कांग्रेस से पहले वह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से प्रेरित होकर गांधीवादी बने। इसलिए पहले वह गांधीवादी हैं और फिर कांग्रेसी। आजाद ने कहा 21 मार्च को शाम पांच बजे नई दिल्ली में उन्हे पद्म भूषण पुरस्कार से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सम्मानित करेंगे।
जम्मू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एमके भारद्वाज ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों के हितों की अनदेखी हुई है। गुलाम नबी आजाद को यहां से राजनीतिक अगुवाई करनी होगी, तभी जम्मू-कश्मीर के लोगों के हितों की रक्षा हो सकती है। वरिष्ठ वकील मोहम्मद असलम गोनी ने कहा कि आजाद ही जम्मू-कश्मीर को मुश्किल से निकाल सकते हैं।
पूर्व पुलिस महानिदेशक डॉ. एसपी वेद ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को गुलाम नबी आजाद के नेतृत्व की जरूरत है। जम्मू-कश्मीर का असली विकास गुलाम नबी आजाद के मुख्यमंत्री रहते ही हुआ। इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद, पूर्व मंत्री जुगल किशोर के अलावा जम्मू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अरुण गुप्ता व अन्य भी मौजूद रहे। इस अवसर पर सिविल सोसायटी की तरफ से आजाद को सम्मानित भी किया गया।