अब जम्मू कश्मीर में वित्तीय संकट गहराया
राज्यपाल एनएन वोहरा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पर वित्तीय संकट गहरा गया है। राज्यपाल ने इस संबंध में केंद्रीय वित्त मंत्री से बातचीत कर समस्या के हल के लिए कदम उठाने को कहा है। साथ ही रियासत का वित्तीय संतुलन गड़बड़ाने और 2014-15 की वार्षिक योजना के फंड को लेकर आ रही समस्या का समाधान करने को कहा।
राजभवन के प्रवक्ता के अनुसार योजना एवं वित्त सचिवों और मुख्य सचिव के साथ विभिन्न स्तर की बैठकें कर वित्तीय संसाधनों हेतु विचार विमर्श किया गया। प्रवक्ता के अनुसार राज्यपाल के दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री के साथ उनकी बैठक में इस पर विस्तृत चर्चा होगी।
तब तक केंद्रीय वित्त मंत्री से समस्या से उबारने की अपील की गई है। प्रमुख वित्तीय सचिव बीबी व्यास से बैठके के दौरान राज्यपाल ने रियासत के बैंकों द्वारा बाढ़ प्रभावितों के बीमा दावों को निपटाने की रिपोर्ट भी ली।
पटवारियों के वेतन जारी करने के निर्देश
सूचना के अनुसार बैंकों और वित्तीय संगठनों ने दस जनवरी 2015 तक 23,740 बीमा दावों में 831.91 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। राज्यपाल ने वित्त सचिव से लंबित दावों पर करीबी नजर रखने को कहा और प्रभावितों के दावों को जल्द निपटाने के आदेश दिए।
वर्ष 2013 में चुने गए पटवारियों को अभी तक वेतन जारी न होने के मामले में वित्त आयुक्त राजस्व ने तमाम डीडीओ से कारण बताने को कहा है। साथ ही 15 दिनों के अंदर इस संबंध में अनुपालन रिपोर्ट पेश करने को कहा है। सभी डीडीओ से कहा गया है कि यदि इस मामले में फंड की कमी है तो वे तत्काल वित्त आयुक्त राजस्व को सूचित करें।