Target Killing: अनंतनाग में लक्षित हत्या के विरोध में प्रदर्शन, उधमपुर में लोगों ने आतंकवाद का पुतला जलाया
उधमपुर और रियासी में लक्षित हत्या के विरोध में प्रदर्शन हुआ। उधमपुर में लोगों ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग जामकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने आतंकवाद और पाकिस्तान का पुतला भी जलाया।
विस्तार
कश्मीर घाटी के अनंतनाग जिले में सोमवार की रात आतंकियों ने टारगेट किलिंग को अंजाम देते हुए उधमपुर के एक नागरिक की हत्या कर दी। मंगलवार को इस घटना के विरोध में उधमपुर और रियासी में प्रदर्शन हुआ। उधमपुर में लोगों ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग जामकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने आतंकवाद और पाकिस्तान का पुतला भी जलाया।
विश्व हिंदू परिषद के सुषांत शर्मा ने कहा कि कश्मीर घाटी में रोजी-रोटी कमाने गए मजालता गांव के दीपू की आतंकियों ने निर्मम हत्या कर दी। इसका वारदात की वह कड़ी निंदा करते हैं और सरकार से मांग करते हैं कि दीपू की हत्यारों को जल्द से जल्द उनके किए की सजा दी जाए।
उधर, रियासी में भी हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने लक्षित हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि घाटी में हाल ही में जी20 के सफल आयोजन के बाद पाकिस्तान और उसके आतंकी गुर्गे बौखलाए हुए हैं। उन्होंने घाटी में रोजगार के लिए गए निर्दोष युवक को निशाना बनाया है। उन्होंने सरकार से आतंकियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की और घाटी में रह रहे अल्पसंख्यकों को पर्याप्त सुरक्षा देने की मांग की।