जम्मू। अभिनव थिएटर में रविवार को लोक नृत्य उत्सव के दूसरे दिन भी कलाकारों ने कला का जादू बिखेर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। 11 राज्यों से आए कलाकारों ने अलग-अलग प्रस्तुतियां देकर अपनी संस्कृति से दर्शकों को रू-ब-रू करवाया। कार्यक्रम की शुरूआत सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद त्रिपुरा के ममिता लोक नृत्य, असम के बिहू और राजस्थान के घूमर की प्रस्तुति कलाकारों ने दी। पहले दिन के मुकाबले रविवार को उत्सव में अधिक लोग उत्सव में पहुंचे। आयोजकों ने बताया कि कोरोना महामारी के बीच प्रदेश में पहली बार कोई सांस्कृृतिक कार्यक्रम करवाया जा रहा है। अभिनव थिएटर में 18 मार्च के बाद पहली बार वाद्य यंत्र बजे हैं। कार्यक्रम में सिद्दी धमाल, माथुरी, बधाई, नरोता, राउफ, चकरी, लवनी गोंधल, भंगड़ा और लोहड़ी लोक नृत्य प्रस्तुत किए गए। दूसरे दिन के कार्यक्रम में युद्धवीर सेठी और प्रिय सेठी मुख्य अतिथि रहे।
पांच दिवसीय कार्यक्रम के पहले तीन दिन अभिनव थिएटर और अगले दो दिन सांबा और रियासी में आयोजित किया जाएगा। कलाकारों के लिए रहने और खाने-पीने की उचित व्यवस्था की गई है। यह कार्यक्रम नॉर्थ जोन कल्चरल अकादमी और जम्मू-कश्मीर कला संस्कृति एवं भाषा की ओर से करवाया जा रहा है।