चुपचाप बैठे रहो, नहीं तो छेड़छाड़ में पकड़वा दूंगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छेड़छाड़ करने पर शोर मचाने की धमकी देकर एक सरकारी कर्मचारी से दो युवतियों ने हजारों रुपये ठग लिए। धमकी देकर निरंतर पैसों की मांग बढ़ती देख पीड़ित कर्मचारी पुलिस के पास पहुंचा।
इसके बाद पुलिस ने दोनों युवतियों को पकड़ कर उनके पास से पैसे बरामद किए। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना गांधी नगर पुलिस स्टेशन की है। आरोपी युवतियों में एक बख्शी नगर और एक झारखंड की है। जो इस समय जम्मू के शास्त्री नगर में रह रही हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना दस दिन पहले की है। कालेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी इसरार मोहम्मद (50) शास्त्री नगर जाने वाली मिनी बस में एक सीट पर बैठ गए। जहां एक युवती बैठी हुई थी। पिछली सीट पर एक और युवती बैठी थी।
साथ बैठी युवती ने उनका हाथ पकड़ लिया
इसरार के साथ बैठी युवती ने उनका हाथ पकड़ लिया। जब इसरार ने मना किया तो युवती ने कहा कि चुपचाप बैठे रहो, नहीं तो बस में शोर मचा देगी कि उसके साथ छेड़छाड़ की है। पिछली सीट पर बैठी युवती ने भी इसरार को यही कहा।
दोनों ने खुद को वकील बताते हुए कहा कि उसके खिलाफ मानहानि का दावा कर देंगी। दोनों ने कर्मी से उसका मोबाइल फोन, आई कार्ड, कुछ नकदी ले ली। कुछ दूरी पर जाकर उसके मोबाइल की सिम निकाली और वापस कर दी।
दोनों ने कर्मी को लगातार फोन करना शुरू कर दिया। युवतियों ने बीस हजार रुपये की मांग की। इसरार ने उनकी मांग पूरी कर दी। कुछ दिन बाद और 30 हजार ले लिए। वीरवार को फिर से दोनों ने 20 हजार मांगे, लेकिन कर्मी हिम्मत कर गांधी नगर थाने पहुंचा और सारी कहानी बताई।
एसआई बलराम शर्मा और कीर्ति शर्मा की अगुवाई में पुलिस ने टीम बनाई और इसरार से युवतियों को बुलाने को कहा। युवतियों के पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। दोनों से पैसे बरामद कर केस भी दर्ज कर लिया।
एसडीपीओ सचिन गुप्ता का कहना है कि दोनों युवतियां एक फैक्ट्री में कंप्यूटर आपरेटर हैं। एक साल पहले दोनों की दोस्ती दिल्ली में हुई थी। दोनों से पूछताछ की जा रही है। इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है कि कर्मचारी की तरह उन्होंने कई और लोगों को भी ठगा होगा।