बोहरीकदल आतंकी हमला: सेल्समैन इब्राहिम के हत्यारों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, आकाओं के इशारे पर की थी हत्या
बोहरीकदल आतंकी हमले को अंजाम देने वाले तीन आतंकियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। इनके कब्जे से हथियार और गोला बारूद बरामद हुआ है।
विस्तार
कश्मीर पुलिस ने बोहरीकदल आतंकी हमले के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये तीनों पुलवामा जिले के रहने वाले हैं। 9 नवंबर को पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं के निर्देश पर सेल्समैन इब्राहिम अहमद की हत्या की थी।
इस आतंकी घटना के संबंध में थाना महाराजगंज में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। आतंकी अपराध की जांच के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था। जांच के दौरान अधिकारियों को तीन आरोपियों के बारे में पता चला। जिनकी पहचान एजाज अहमद लोन, नसीर अहमद शाह और शौकत अहमद डार के रूप में हुई है। जिन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान तीनों ने उक्त अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (टीआरएफ) से जुड़े तीनों आरोपियों ने सीमा पार से आतंकवादी हैंडलर के निर्देश पर आतंकी हमले को अंजाम दिया था। तीनों पिछले चार महीने से पाक स्थित आतंकी आकाओं के संपर्क में थे।
इनके कब्जे से एक पिस्टल, सात कारतूस, एक ग्रेनेड सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। इसके अलावा हमले के दिन अपराध करने के दौरान इस्तेमाल की गई ऑल्टो कार को भी उनके खुलासे पर जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।