रियासी। पौनी क्रिकेट क्लब के हरफनमौला खिलाड़ी रितिक के शानदार खेल की बदौलत टीम ने सरस्वती क्लब रियासी को एकतरफा मैच में 89 रनों से हरा दिया है। इसी के साथ पौनी की टीम स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही अरुण वर्मा मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के अगले दौर में पहुंच गई है। वीरवार को खेले गए मुकाबले में पौनी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेेबाजी करने का फैसला लिया। अपना निर्णय सही साबित करते हुए टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 184 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसमें बल्लेबाज रितिक ने शानदार 51 रनों की पारी खेली। वहीं, बल्लेबाज राणा ने 36 व अनुभव ने 25 रन जोडे़। टीम को 26 रन अतिरिक्त मिले।
एससीसी की तरफ से गेंदबाज केवल व रजत ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एससीसी की टीम की शुरूआत ही खराब रही। कोई भी बल्लेबाज बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सका और पूरी टीम अंतिम ओवर की पांच गेंद शेष रहते 95 रनों पर ही सिमट गई। इसमें बल्लेबाज अखिल ने 18, शुभम ने 18 व शादाब ने 16 रन बनाए। पौनी के हरफनमौला खिलाड़ी रितिक ने बल्लेेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन तीन विकेट चटकाए। वहीं, राणा और रोहित ने दो-दो विकेट लिए। मैच में बेहतरीन खेल दिखाने वाले रितिक को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पौनी क्रिकेट क्लब ने इसी जीत के साथ अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। दूसरे दौर में जल्द ही उसका मुकाबला एक और धाकड़ टीम के साथ होगा।