Jammu Kashmir Lockdown: कोरोना को मात देने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संभाला मोर्चा, उपराज्यपाल ने दिए ये निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए और संकट में पड़े लोगों की मदद के लिए जम्मू पुलिस ने व्यापक राहत अभियान शुरू किया है। एसएसपी जम्मू, श्रीधर पाटिल के निर्देश पर उन लोगों की पहचान करने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें भोजन, कपड़े और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आवश्यकता है।
पुलिस ने जम्मू में कई स्थानों का दौरा किया और जरूरतमंद लोगों के बीच राशन और अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया। जम्मू पुलिस ने कोरोना वायरस से बचाव और सोशल डिस्टेंसिंग के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए बड़े पैमाने पर सामाजिक जागरूकता अभियान शुरू किया है। वहीं लॉकडाउन के आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उधर, उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू ने कोविड-19 से बचाव के लिए एकांतवास केंद्रों की सुविधाओं के साथ-साथ अस्पतालों में बेड की संख्या दोगुनी करने को कहा है। साथ ही कोराना का प्रसार रोकने के लिए संदिग्धों के संपर्क में आने वालों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं।
उपराज्यपाल ने शनिवार को राजभवन में हुई उच्चस्तरीय बैठक में कहा कि आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी उन इलाकों में सुनिश्चित की जाए, जहां इसकी किल्लत हो। इसके साथ ही झुग्गी-झोपड़ी और श्रमिकों की बस्तियां भी चिह्नित की जाएं, ताकि वहां जरूरत का सामान पहुंचाया जा सके।
उपराज्यपाल ने हॉस्टल में रह रहे छात्रों के स्वास्थ्य की जांच के लिए मोबाइल एंबुलेंस भेजने और नियमित रूप से राशन की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी धर्मगुरुओं से अपील की कि वे सभी धार्मिक कार्यक्रम रद्द कर दें। बाहरी देशों से यात्रा कर आने वाले लोगों के चलते खासकर कश्मीर में नियमित रूप से सैनिटाइजिंग पर जोर दिया गया।
उपराज्यपाल ने माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड से पौनीवाला, पालकी वाला, पिट्ठू और अन्य फंसे मजदूरों के लिए राशन किट उपलब्ध कराने को कहा। यात्रा बंद होने से उनकी रोजी-रोटी का जरिया बंद हो गया है। बैठक में यह भी बताया गया कि केंद्र सरकार की ओर से घोषित वित्तीय पैकेज को लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी तरीके से काम किया जा रहा है। दैनिक वेतनभोगी कर्मियों की मजदूरी वित्त विभाग ने जारी कर दिए हैं।