स्वास्थ्य जांच के बिना लद्दाख पहुंचे सांसद, शुरू हुआ विवाद, फिर किए गए होम क्वारंटीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा सांसद जामियांग त्सेरिंग नामग्याल के स्वास्थ्य जांच करवाए बिना अपने संसदीय क्षेत्र लद्दाख में प्रवेश करने पर विवाद खड़ा हो गया है। विवाद बढ़ता देख प्रशासन ने परिवार के पांच सदस्यों सहित सांसद को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन कर दिया है।
प्रशासन ने यह कदम स्थानीय लोगों के दबाव में आकर उठाया है। लोगों का कहना था कि सांसद कोरोना वायरस के हॉट-स्पॉट और रेड जोन यानी दिल्ली से आए हैं और उन्होंने अपने स्वास्थ्य की जांच भी नहीं करवाई है। भाजपा सांसद परिवार सहित एक मई को नई दिल्ली से लेह के लिए निकले थे। अपनी इस यात्रा के दौरान वह जम्मू, श्रीनगर, द्रास और कारगिल में भी रुके और कई सरकारी और सार्वजनिक बैठकों में भी शामिल हुए थे।
सूत्रों ने बताया कि सांसद ने अपने पद को इस्तेमाल कर अंतरराज्यीय यात्रा पास हासिल किया था मगर उन्हाेंने स्वास्थ्य जांच के सभी जरूरी पहलुओं को नजरअंदाज किया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर में मेडिकल चेकअप करवाया। बाद में लोअर मुंडा, सोनमर्ग और द्रास के मिनिमर्ग स्थिति स्वास्थ्य जांच केंद्र में भी जांच नहीं करवाई।
बताया जा रहा है कि जम्मू में फंसे 330 लद्दाखी छात्रों को लेकर जा रही 12 बसों के काफिले में ही उनका वाहन भी शामिल था। इस दौरान उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर हिमस्खलन से बंद हुए जोजिला पास पर मोर्चा संभाला था। इसके बाद 4 मई को उन्होंने द्रास में अधिकारियों के साथ यात्रियों की स्क्रीनिंग की व्यवस्था को जांचा लेकिन वहां अधिकारियों द्वारा उनकी जांच नहीं की गई।
उसी दिन दोपहर बाद उन्होंने कारगिल में जिला आयुक्त बसीर-उल-हक चौधरी, हिल काउंसिल के चेयरमैन फिरोज खान और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बैठक की थी। ऐसे में अब लोग मांग करने लगे हैं कि जिन अधिकारियों और आम लोगों के साथ सांसद नामग्याल से मुलाकात की है, उन सभी को क्वारंटीन किया जाए।