Chhath Puja 2023: घाटों पर छठ की रौनक... आस्था के महापर्व सूर्य को अर्घ्य देकर सुख-समृद्धि की कामना की
सूर्य उपासना के महापर्व छठ के घाटों पर रौनक लग रही। तवी नदी, डिग्याना सहित अन्य तालाबों, नहरों व नदियों के पास भारी भीड़ देखने के लिए मिली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मंदिर का शहर जम्मू इन दिनों छठ पूजा के रंग में रंगा है। सूर्य उपासना के महापर्व छठ के घाटों पर रौनक लग रही। तवी नदी, डिग्याना सहित अन्य तालाबों, नहरों व नदियों के पास भारी भीड़ देखने के लिए मिली। आस्था के बीच व्रतियों ने शाम को बहते जल में नंगे पांव खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। साथ में पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। भक्त पूजा सामग्री लेकर घाटों में पहुंचीं। इस दौरान अलग-अलग विभागों के कर्मचारी भी मौजूद रहे। एक दिन पहले ही नगर निगम और बिहार पूजा समिति की ओर से सफाई का काम कर लिया गया था। बाढ़ एवं सिंचाई विभाग ने त्योहार से पहले ही नहरों किनारे इंतजाम कर लिए थे।
वहीं, घाटों पर भक्तिमय वातावरण बना था। नहरों के चारों ओर भक्तों का तांता लगा था। श्रद्धालु छठ मईया के भजन गाकर बच्चों सहित परिवार की सुख-समृद्धि की मनोकामना कर रहे थे। नाक तक सिंदूर और हाथ में प्रसाद की टोकरी अलौकिक भक्ति का परिचय दे रही थी। सर्दी के बीच ठंडे पानी में पैर और सूर्य की ओर आंखें महापर्व के प्रति उत्साह का रंग बिखेर रही थी। इसके साथ पूर्वांचल की संस्कृति बयां हो रही थी। कई भक्त तो ढोल के साथ घाटों पर पहुंचे थे। नाचते-गाते हुए छठी मईया जय के जयघोष लगा रहे थे।
सूर्य पुत्री तवी सहित डिग्याना, बाड़ी ब्राह्मणा, त्रिकुटा नगर समेत अन्य घाटों पर दिनभर चहल-पहल रही। तवी पुल और डिग्याना में पंडाल भी लगाए गए। उधर, मार्बल मार्केट के पास विशेष बाजार में दूसरे दिन भी खरीदारी चरम पर रही। अब सोमवार को उदयगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महिलाओं का व्रत और महापर्व संपन्न होगा।