जम्मू-कश्मीरः पाकिस्तान ने मेंढर और मनकोट में बरसाए गोले, सेना ने दिया करारा जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तानी सेना ने अपनी नापाक हरकत को जारी रखते हुए जम्मू-कश्मीर के मेंढर और मनकोट में मंगलवार तड़के गोले बरसाने शुरू किए। सीमा पार से की गई यह गोलाबारी सुबह पांच बजे तक जारी रही। भारतीय सेना ने पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया।
वहीं सोमवार तड़के पुंछ जिले के मेंढर सब डिवीजन के बालाकोट क्षेत्र में नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए मोर्टार दागे। बसूनी गांव में एक मकान को नुकसान पहुंचा। सोमवार को भी आधी रात पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हीरानगर सेक्टर के मनियारी इलाके में गोलाबारी शुरू कर दी।
25 चिनाब रेंजर्स ने मनियारी इलाके में सुरक्षा बांध का निर्माण कार्य शुरू होते ही भिखे चक पोस्ट से फायरिंग शुरू कर दी। बीएसएफ ने भी करारा जवाब दिया है। 19 दिसंबर के बाद पहली बार पाकिस्तान ने इस इलाके में गोलाबारी की है।
सोमवार तड़के करीब तीन बजे पाकिस्तान की तरफ से बालाकोट क्षेत्र में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए करीब आधा दर्जन मोर्टार बरसाए। इस बीच एक मोर्टार गांव बसूनी निवासी फारूक के मकान की छत पर गिरकर जोरदार धमाके से फटा जिससे पूरा परिवार नींद से जाग गया।
परिवार के लोगों के अनुसार धमाका इतना जोरदार था कि पूरा मकान हिल उठा और छत पर उसके फटने से घर के अंदर धूल और धुआं भर गया। घर के अंदर सो रहे फारूक और उसका परिवार बाल बाल बच गया। हादसे के बाद फारूक का पूरा परिवार दिन भर दहशत में रहा। गौरतलब है कि पाकिस्तानी सेना पिछले कई महीनों से लगातार जिले में बालाकोट से लेकर शाहपुर तक रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर भारी गोलाबारी कर रहा है।